छात्रों-युवाओं के मुद्दों पर कांग्रेस के राजस्थान में 20 से 27 जून तक होंगे कार्यक्रम
जयपुर, 19 जून (हि.स.)। छात्रों और युवाओं के सामने बढ़ते शिक्षा एवं रोजगार संकट, प्रश्नपत्र लीक, परीक्षाओं के रद्द होने, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और बढ़ती बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने देशव्यापी अभियान शुरू किया है। कांग्रेस का कहना है कि इन गंभीर समस्याओं के बावजूद केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री मौन बने हुए हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी ने 17 जून से कोटा में ‘छात्रों की गूंज रैली’ के साथ इस अभियान की शुरुआत की है। अभियान के तहत राजस्थान की सभी जिला कांग्रेस कमेटियां आगामी सात दिनों में प्रेस वार्ताओं और जन प्रस्तुतियों का आयोजन कर राहुल गांधी के संदेश और छात्रों-युवाओं से जुड़े मुद्दों को आमजन तक पहुंचाएंगी।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मीडिया चेयरपर्सन स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा के निर्देशानुसार 20 से 27 जून के बीच सभी जिला कांग्रेस कमेटियों द्वारा जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इन कार्यक्रमों में कोटा की ‘छात्रों की गूंज रैली’ में राहुल गांधी द्वारा प्रस्तुत मूल प्रस्तुति का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इन आयोजनों में पार्टी के प्रवक्ता, विधायक, पूर्व एवं वर्तमान जनप्रतिनिधि, सांसद एवं सांसद प्रत्याशी, एनएसयूआई, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस सहित पार्टी के सभी अग्रिम संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों की सक्रिय भागीदारी रहेगी।
कांग्रेस ने इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं, स्कूल और कॉलेज के छात्रों, शिक्षाविदों, प्रबुद्ध नागरिकों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा नागरिक समाज के सदस्यों को भी शामिल करने का निर्णय किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

