निकाय-पंचायत चुनाव में भाजपा को शिकस्त देने की कांग्रेस ने बनाई रणनीति

WhatsApp Channel Join Now
निकाय-पंचायत चुनाव में भाजपा को शिकस्त देने की कांग्रेस ने बनाई रणनीति


निकाय-पंचायत चुनाव में भाजपा को शिकस्त देने की कांग्रेस ने बनाई रणनीति


जयपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। आगामी नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनावों की तैयारियों को लेकर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की शुक्रवार को मुहाना मंडी रोड स्थित मेजेस्टिक रिसोर्ट में बैठक हुई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा और राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा की अध्यक्षता में हुई बैठक में चुनावी रणनीति, स्थानीय मुद्दों और जमीनी स्तर से मिले फीडबैक पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, एआईसीसी महासचिव सचिन पायलट, मध्य प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, एआईसीसी पदाधिकारी, प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारी, विधायक एवं विधायक प्रत्याशी, सांसद एवं सांसद प्रत्याशी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष, विधानसभावार नियुक्त समन्वयक तथा अग्रिम संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के प्रदेशाध्यक्ष मौजूद रहे।

बैठक में तय किया गया कि नगर निकाय चुनाव लड़ने के इच्छुक कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से प्रदेश कांग्रेस कमेटी को प्राप्त हो रहे ऑनलाइन आवेदनों को निकायवार एकत्रित कर संबंधित जिला कांग्रेस कमेटियों को भेजा जाएगा। इसके बाद जिला स्तर पर गठित पॉलिटिकल अफेयर कमेटी आवेदनों पर विचार कर कांग्रेस प्रत्याशियों का चयन करेगी।

बैठक में कांग्रेस नेताओं ने आगामी नगर निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में पार्टी को मजबूत करने पर जोर दिया। मौजूद कांग्रेसजनों ने संकल्प लिया कि भाजपा को चुनावों में शिकस्त देने के लिए एकजुट होकर काम करेंगे। स्थानीय स्तर पर संगठन को सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story