इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट की सफलता को धूमिल करने की साजिश कर रही कांग्रेस - भाजपा शहर अध्यक्ष

WhatsApp Channel Join Now
इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट की सफलता को धूमिल करने की साजिश कर रही कांग्रेस - भाजपा शहर अध्यक्ष


अजमेर, 21 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के अजमेर शहर अध्यक्ष रमेश सोनी ने 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट' के दौरान कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी द्वारा किए गए कथित अशोभनीय व्यवहार की तीव्र निंदा की है। उन्होंने कहा कि जब पूरा विश्व भारत के तकनीकी नवाचार और नेतृत्व की सराहना कर रहा है, तब कांग्रेस ने अपनी घटिया राजनीति से देश की छवि को वैश्विक मंच पर चोट पहुँचाने का प्रयास किया है।

रमेश सोनी ने कहा कि राहुल गांधी के इशारे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा 'एआई इम्पैक्ट समिट' जैसे गरिमामयी आयोजन में अराजकता फैलाना उनकी वैचारिक दिवालियापन को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब 'टॉपलेस और ब्रेनलेस' राजनीति पर उतर आई है। इस घटना के संबंध में कांग्रेस के उच्च पदस्थ पदाधिकारियों—कृष्णा हरि (राष्ट्रीय सचिव, युवा कांग्रेस), कुंदन यादव (बिहार), अजय कुमार (यूपी) और नरसिम्हा यादव की गिरफ्तारी यह सिद्ध करती है कि यह कोई स्वतः स्फूर्त विरोध नहीं, बल्कि एक पूर्व नियोजित द्वेषपूर्ण साजिश थी।

सोनी ने समिट के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि इस शिखर सम्मेलन में 100 से अधिक देशों, 20 राष्ट्राध्यक्षों और हजारों वैश्विक सीईओ ने हिस्सा लिया। 2.5 लाख से अधिक पंजीकरण और बुर्ज खलीफा द्वारा भारत को सलाम करना यह बताता है कि भारत आज वैश्विक महाशक्ति बन रहा है। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत जहाँ प्रगति के नए आयाम छू रहा है, वहीं राहुल गांधी और उनकी टीम भारत की प्रगति को देखने में असमर्थ है।

अजमेर भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस के इतिहास पर सवाल उठाते हुए कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और डोकलाम विवाद के समय सेना का अपमान करना और जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान आलोचना करना कांग्रेस का पुराना ट्रैक रिकॉर्ड रहा है। जिस दौर में शहरों में बम धमाके होते थे, उस दौर से निकलकर आज भारत जब एआई समिट और जी20 जैसे आयोजनों की मेजबानी कर रहा है, तो कांग्रेस अपनी खीझ मिटाने के लिए देश विरोधी ताकतों के साथ तालमेल कर रही है।

रमेश सोनी ने अंत में कहा कि देश की जनता कांग्रेस के इस असली चेहरे को पहचान चुकी है और आने वाले समय में उन्हें इस 'देश विरोधी बयानबाजी' का करारा जवाब देगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story