खेतड़ी में कांग्रेस की चेयरमैन ने बदला पाला, भाजपा की गीता सैनी का निर्विरोध अध्यक्ष बनना तय!
झुंझुनू, 16 सितंबर (हि.स.)। खेतड़ी नगरपालिका में अध्यक्ष पद के चुनाव से पहले ही सियासी तस्वीर बदल गई। नामांकन के अंतिम दिन बुधवार को कांग्रेस के टिकट पर पार्षद निर्वाचित और निवर्तमान चेयरमैन गीता सैनी ने भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा ने उन्हें अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया और उन्होंने पार्टी के टिकट पर नामांकन दाखिल कर दिया। अध्यक्ष पद के लिए अब तक केवल गीता सैनी का ही नामांकन सामने आया है। ऐसे में उनका निर्विरोध अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है। हालांकि आधिकारिक घोषणा निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगी।
गीता सैनी वार्ड नंबर पांच से कांग्रेस के टिकट पर पार्षद निर्वाचित हुई थीं। वह खेतड़ी नगरपालिका की कांग्रेस से ही निवर्तमान चेयरमैन हैं। बुधवार को नामांकन के अंतिम दिन दोपहर करीब तीन बजे से कुछ समय पहले उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इसके बाद भाजपा ने उन्हें अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित किया और उन्होंने भाजपा के प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया।
भाजपा में शामिल होने के बाद गीता सैनी ने अपनी राजनीतिक दिशा बदलने की वजह भी बताई।
उन्होंने कहा कि विधायक धर्मपाल गुर्जर ने पिछले दो वर्षों में खेतड़ी में अच्छे कार्य किए हैं। वह खेतड़ी का विकास चाहती हैं और जनता की सेवा के लिए भाजपा में शामिल हुई हैं। खेतड़ी नगरपालिका में कुल 25 वार्ड हैं। चुनाव में भाजपा के 8, कांग्रेस के 4 और 13 निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुए थे। गीता सैनी के कांग्रेस से भाजपा में आने के बाद अध्यक्ष पद का चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल गया है। अब अध्यक्ष पद के लिए किसी अन्य प्रत्याशी के नामांकन दाखिल नहीं करने से मुकाबले की स्थिति समाप्त होती दिखाई दे रही है।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी। इसके बाद नामांकन पत्र वापस लेने का निर्धारित समय रहेगा। नामांकन वापसी की अवधि समाप्त होने के बाद ही गीता सैनी के निर्विरोध निर्वाचित होने की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। फिलहाल खेतड़ी नगरपालिका की अध्यक्ष पद की कुर्सी पर भाजपा की गीता सैनी का निर्विरोध पहुंचना तय माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

