पंचायत चुनाव के नतीजे भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जनादेश : जितेंद्र सिंह और जूली

WhatsApp Channel Join Now
पंचायत चुनाव के नतीजे भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जनादेश : जितेंद्र सिंह और जूली


पंचायत चुनाव के नतीजे भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जनादेश : जितेंद्र सिंह और जूली


अलवर, 20 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव की मतगणना के बीच कांग्रेस नेताओं ने चुनावी रुझानों को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जितेंद्र सिंह और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने चुनावी परिणामों को कांग्रेस के पक्ष में बताते हुए इसे भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता की प्रतिक्रिया करार दिया।

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि सेमीफाइनल के नतीजे आ गए हैं और यही नतीजे फाइनल में भी रहेंगे। उन्होंने कहा कि पंचायतीराज चुनाव के परिणामों ने प्रदेश की राजनीतिक तस्वीर स्पष्ट कर दी है। अलवर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में कांग्रेस को मिल रहा समर्थन जनता के भरोसे का प्रतीक है।

जूली ने कहा कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद जिस तरह की नीतियां अपनाई हैं, उनका जवाब जनता चुनाव के माध्यम से दे रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस को मिल रहा समर्थन इस बात का संकेत है कि जनता सरकार के कामकाज से संतुष्ट नहीं है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि राजस्थान की जनता ने भाजपा की कथित तानाशाहीपूर्ण नीतियों का जवाब अपने जनादेश के माध्यम से दिया है। लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है और जब सरकार जनता की आवाज को नजरअंदाज करती है तो मतदाता चुनाव के समय अपना फैसला सुनाते हैं।

जितेंद्र सिंह ने अलवर में कांग्रेस को मिल रहे समर्थन का उल्लेख करते हुए इसे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में सामने आ रहे चुनावी नतीजे भाजपा सरकार के लिए राजनीतिक संदेश हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story