मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, बारिश में बाइक रैली निकाल कलेक्ट्रेट पर की नारेबाजी

WhatsApp Channel Join Now
मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, बारिश में बाइक रैली निकाल कलेक्ट्रेट पर की नारेबाजी


मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, बारिश में बाइक रैली निकाल कलेक्ट्रेट पर की नारेबाजी


डूंगरपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान

के जलियांवाला बाग के नाम से विख्यात ऐतिहासिक मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक

घोषित करने की वर्षों पुरानी मांग को लेकर बुधवार को शहर में आदिवासी कांग्रेस के

प्रदेश अध्यक्ष एवं डूंगरपुर विधायक गणेश घोगरा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं

ने शहर में बाइक रैली निकाली। बारिश के बीच यह रैली कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां केंद्र और

राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई तथा राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। इसके

साथ ही, विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर भारतीय जनता

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ द्वारा दिए गए कथित बयान के विरोध में उनका

पुतला दहन कर रोष जताया गया।

बुधवार सुबह कांग्रेस

कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय पर एकत्र हुए। यहां से बड़ी संख्या में बाइक पर सवार

होकर रैली रवाना हुई। कार्यकर्ताओं ने हाथों में पार्टी के झंडे लेकर शहर के

प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन

के दौरान विधायक गणेश घोगरा ने कहा कि मानगढ़ धाम आदिवासी समाज की आस्था और अमर

बलिदान का प्रतीक है, जहाँ गुरु गोविंद गिरी के नेतृत्व में

स्वतंत्रता संग्राम के दौरान सैकड़ों आदिवासियों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी।

उन्होंने कहा कि जलियांवाला बाग से भी बड़े इस ऐतिहासिक नरसंहार स्थल को अब तक

राष्ट्रीय स्मारक घोषित न किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने केंद्र

सरकार से मानगढ़ धाम को अविलंब राष्ट्रीय स्मारक का दर्जा देने की मांग दोहराई

ताकि शहीदों के बलिदान को राष्ट्रीय स्तर पर उचित सम्मान मिल सके।

ज्ञापन सौंपने के पश्चात कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला फूंका। विधायक घोगरा ने आरोप लगाया कि विश्व आदिवासी दिवस जैसे गरिमामय अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा दिया गया बयान आदिवासी समुदाय की भावनाओं को आहत करने वाला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आदिवासी समाज के स्वाभिमान और अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी और इस तरह की बयानबाजी का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। इस अवसर पर आसपुर विधायक प्रत्याशी राकेश रोत, आदिवासी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष देवशंकर ननोमा, चिकित्सा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष डॉ. गोविन्द पटेल ‘सबका’, जिला परिषद सदस्य गुलशन मनात, गोकुलपुरा सरपंच हरीश डेंडोर सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story