कांग्रेस ने ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत नीट, माही जल और शिक्षा व्यवस्था पर सरकार को घेरा

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस ने ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत नीट, माही जल और शिक्षा व्यवस्था पर सरकार को घेरा


कांग्रेस ने ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत नीट, माही जल और शिक्षा व्यवस्था पर सरकार को घेरा


डूंगरपुर, 26 जून (हि.स.)। जिला मुख्यालय स्थित वागड़ गांधी वाटिका में कांग्रेस की ओर से शुक्रवार को ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत आयोजित पत्रकार वार्ता में पार्टी नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की शिक्षा, भर्ती और जल प्रबंधन से जुड़ी नीतियों पर तीखा हमला बोला। नेताओं ने नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक, माही बांध के पानी के प्रस्तावित डायवर्जन और राज्य सरकार के शिविरों को लेकर विरोध जताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी।

कांग्रेस के जिला प्रभारी हरिलाल दरागी ने कहा कि नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक से लाखों विद्यार्थियों और उनके परिवारों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की प्रशासनिक विफलता के कारण युवाओं का भरोसा टूटा है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की और कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर देशव्यापी आंदोलन करेगी।

डूंगरपुर विधायक एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष गणेश घोघरा ने सरकारी शिक्षा व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता बताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के बच्चों को अनिवार्य रूप से सरकारी स्कूलों में पढ़ाने का नियम बनाया जाना चाहिए। उनका कहना था कि इससे सरकारी विद्यालयों की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में प्रभावी बदलाव आएगा। घोघरा ने राज्य सरकार के जनकल्याण शिविरों को केवल दिखावटी बताते हुए आरोप लगाया कि इनमें आम लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि शिविरों में केवल औपचारिक गतिविधियां हो रही हैं।

माही बांध के पानी को जालोर भेजने की प्रस्तावित योजना का विरोध करते हुए घोघरा ने कहा कि माही के जल पर पहला अधिकार वागड़ क्षेत्र के आदिवासियों और किसानों का है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया जाएगा और यदि सरकार ने निर्णय वापस नहीं लिया तो कांग्रेस जनआंदोलन करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story