नगरीय निकाय चुनाव निष्पक्ष, निर्भीक और स्वतंत्र तरीके से कराएं: जिला निर्वाचन अधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
नगरीय निकाय चुनाव निष्पक्ष, निर्भीक और स्वतंत्र तरीके से कराएं: जिला निर्वाचन अधिकारी


जयपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को निष्पक्ष, निर्भीक और स्वतंत्र रूप से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी (म्यूनिसिपल) संदेश नायक की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सभी वार्डों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और संबंधित पुलिस अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में चुनावी तैयारियों, कानून-व्यवस्था और संवेदनशील मतदान केंद्रों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जयपुर जिले की एक नगर निगम, दो नगर परिषद सहित 19 नगरीय निकायों के कुल 690 वार्डों में होने वाले चुनाव को पूर्ण निष्पक्षता, निर्भीकता और स्वतंत्रता के साथ संपन्न कराना सभी अधिकारियों का नैतिक दायित्व है।

उन्होंने बताया कि चुनाव के लिए 27 अगस्त को लोकसूचना जारी होगी। नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित है। मतदान दो चरणों में होगा। पहले चरण में 9 सितंबर, बुधवार को नगर पालिकाओं एवं नगर परिषदों में मतदान होगा, जबकि दूसरे चरण में 11 सितंबर, शुक्रवार को नगर निगम के सभी वार्ड पार्षदों के लिए मतदान कराया जाएगा। दोनों चरणों में मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और उनके समकक्ष पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने मतदान केंद्रों का मौके पर निरीक्षण करने और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील और क्रिटिकल मतदान केंद्रों की पहचान कर वहां पर्याप्त कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

चुनाव को निर्भीक और निष्पक्ष बनाने के लिए असामाजिक तत्वों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।

चुनाव के दौरान मादक पदार्थों और अवैध हथियारों के परिवहन पर रोक लगाने के लिए क्षेत्रीय परिवहन, पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से चेकपोस्ट लगाने तथा वाहनों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही अनुज्ञापत्र धारियों के शस्त्र संबंधित थानों में शीघ्र जमा कराने की कार्रवाई करने को कहा गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने पुलिस अधिकारियों को कानून-व्यवस्था से संबंधित साप्ताहिक रिपोर्ट नियमित रूप से जिला निर्वाचन कार्यालय को भेजने के निर्देश भी दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण हनुमान प्रसाद मीणा, पुलिस उपायुक्त पश्चिम प्रशांत किरण, उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज मीणा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर जयपुर पूर्व नरेंद्र कुमार वर्मा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर चतुर्थ आशीष कुमार, अतिरिक्त जिला कलेक्टर जयपुर दक्षिण युगांतर शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story