एमडीएम हॉस्पिटल: पेल्विक कैविटी में छिपे स्पिंडल सेल ट्यूमर को डॉक्टरों ने सुरक्षित निकाला

WhatsApp Channel Join Now
एमडीएम हॉस्पिटल: पेल्विक कैविटी में छिपे स्पिंडल सेल ट्यूमर को डॉक्टरों ने सुरक्षित निकाला


जोधपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। मथुरादास माथुर अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने एक अत्यंत दुर्लभ और जटिल ट्यूमर का सफल ऑपरेशन कर 46 वर्षीय मरीज को नई जिंदगी दी।

वरिष्ठ सर्जन डॉ. दिनेश दत्त शर्मा ने बताया कि मरीज पेट दर्द, कब्ज, गुदा के आसपास भारीपन और सूजन की शिकायत के साथ सर्जरी विभाग में भर्ती हुआ था।जांच के दौरान मरीज के पेल्विक क्षेत्र में एक बड़ी गांठ का पता चला। मरीज पिछले एक वर्ष से पेट दर्द, सूजन और मल त्याग में परेशानी जैसी समस्याओं से जूझ रहा था। जांच में मेसोरेक्टल स्पेस में लोअर रेक्टम और एनल कैनाल तक फैला स्पिंडल सेल नियोप्लाज्म पाया गया, जो अत्यंत दुर्लभ होता है और लाखों में एक व्यक्ति में देखने को मिलता है। सीटी स्कैन में यह गांठ रेक्टम की दीवार को दबा रही थी और आसपास के अंगों को विस्थापित कर चुकी थी, हालांकि राहत की बात यह रही कि कैंसर का फैलाव नहीं पाया गया। हिस्टोपैथोलॉजी रिपोर्ट में गांठ को बेनाइन बताया गया।

यह ट्यूमर शरीर के अत्यंत संवेदनशील पेल्विक कैविटी में स्थित था, जहां यूरेटर, मूत्राशय, रेक्टम और महत्वपूर्ण नसें मौजूद रहती हैं। ऐसे में ऑपरेशन के दौरान यूरेटर को नुकसान, आंत फटने या कोलोस्टॉमी की आवश्यकता जैसी जटिलताओं का खतरा बना हुआ था। गहराई और संकरे स्थान के कारण सर्जरी तकनीकी रूप से बेहद कठिन मानी जाती है। डॉक्टरों की टीम ने अत्यंत सावधानी से ऑपरेशन कर ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकाल दिया। ऑपरेशन के दौरान आसपास के सभी महत्वपूर्ण अंगों को सुरक्षित रखा गया, जिससे किसी प्रकार की जटिलता नहीं हुई। सर्जरी के बाद मरीज पूरी तरह स्वस्थ है, सामान्य रूप से भोजन कर रहा है और उसके सभी लक्षणों में सुधार हुआ है। मरीज को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

इस जटिल सर्जरी को सफल बनाने में सर्जरी, एनेस्थीसिया और नर्सिंग टीम का अहम योगदान रहा। टीम का नेतृत्व डॉ. दिनेश दत्त शर्मा ने किया जिसमें डॉ. पारंग आसेरी, डॉ. आशीष गोयल, डॉ. दिव्यम नौट्याल, डॉ. विनय गुजऱ, डॉ. प्रतिभा, डॉ. उमेश, डॉ. जय, एनेस्थीसिया टीम में डॉ. गीता सिंगारिया, डॉ. आभास, डॉ. राजवीर, डॉ. अनंता, डॉ. नमिता टाक और नर्सिंग टीम में ओटी इंचार्ज रेखा पंवार, सुमेर सिंह राजपुरोहित, महावीर शर्मा, रेणुका और करण सैनी ने सहयोग किया। अस्पताल अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित ने बताया कि अस्पताल में इस प्रकार के जटिल ऑपरेशन नियमित रूप से किए जा रहे हैं और सभी उपचार सरकारी योजनाओं के तहत नि:शुल्क उपलब्ध हैं। डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बीएस जोधा ने भी पूरी टीम को बधाई दी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story