जयपुर में दुर्लभ कैंसर की जटिल सर्जरी: महिला की किडनी और प्रमुख रक्तवाहिनी का किया पुनर्निर्माण

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर में दुर्लभ कैंसर की जटिल सर्जरी: महिला की किडनी और प्रमुख रक्तवाहिनी का किया पुनर्निर्माण


जयपुर में दुर्लभ कैंसर की जटिल सर्जरी: महिला की किडनी और प्रमुख रक्तवाहिनी का किया पुनर्निर्माण


जयपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। एचसीजी कैंसर सेंटर जयपुर में डॉक्टरों की टीम ने दुर्लभ कैंसर से पीड़ित 42 वर्षीय महिला की जटिल सर्जरी कर उसकी दाईं किडनी और शरीर की प्रमुख रक्तवाहिनी इन्फीरियर वेना कावा ( आईवीसी ) के प्रभावित हिस्से को निकालकर उसका पुनर्निर्माण किया। जांच में महिला को लियोमायोसार्कोमा नामक दुर्लभ कैंसर होने की पुष्टि हुई थी। ट्यूमर आईवीसी से शुरू होकर दाईं किडनी और आसपास के हिस्से तक फैल गया था।

डॉ. तेज प्रताप सिंह, सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट के नेतृत्व में ट्यूमर बोर्ड की सलाह के बाद सर्जरी का निर्णय लिया गया। इस ऑपरेशन की सबसे बड़ी चुनौती ट्यूमर को पूरी तरह निकालने के साथ रक्त का प्रवाह सामान्य बनाए रखना था। इसके लिए विशेष पीटीएफई ग्राफ्ट की जरूरत थी, जो जयपुर में उपलब्ध नहीं होने के कारण बेंगलुरु से मंगवाया गया।

सर्जरी के दौरान डॉक्टरों ने सावधानीपूर्वक ट्यूमर को आसपास के हिस्सों से अलग किया। इसके बाद दाईं किडनी और आईवीसी का लगभग 5 सेंटीमीटर प्रभावित हिस्सा निकालकर विशेष ग्राफ्ट की मदद से रक्तवाहिनी का पुनर्निर्माण किया। इस प्रक्रिया में रक्तस्राव और हृदय तक रक्त पहुंचने में अस्थायी कमी के कारण रक्तचाप गिरने जैसी गंभीर जटिलताओं का खतरा था।

डॉ. तेज प्रताप सिंह ने बताया कि सर्जरी का उद्देश्य ट्यूमर को पूरी तरह निकालने के साथ शरीर में रक्त का प्रवाह सुरक्षित बनाए रखना था। ऑपरेशन सफल रहा और मरीज की रिकवरी अच्छी रही। सर्जरी के बाद उन्हें ऑपरेशन टेबल पर ही वेंटिलेटर से हटा दिया गया। दो दिन तक आईसीयू में निगरानी रखी गई। कलर डॉप्लर जांच में ग्राफ्ट के माध्यम से रक्त का प्रवाह संतोषजनक पाया गया, जबकि मरीज की दूसरी किडनी भी सामान्य रूप से काम कर रही है।

डॉक्टरों के अनुसार यह मामला दर्शाता है कि दुर्लभ और जटिल कैंसर में समय पर पहचान, विशेषज्ञों की संयुक्त योजना और आधुनिक सर्जिकल तकनीकों से ट्यूमर निकालने के साथ महत्वपूर्ण अंगों और रक्तवाहिनियों के कार्य को बनाए रखना संभव है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782905 Articles

Share this story