जटिल पॉप्लिटियल आर्टरी स्यूडोएन्यूरिज्म के सफल ऑपरेशन में मरीज को मिला नया जीवन

WhatsApp Channel Join Now
जटिल पॉप्लिटियल आर्टरी स्यूडोएन्यूरिज्म के सफल ऑपरेशन में मरीज को मिला नया जीवन


जयपुर, 26 जून (हि.स.)। एसआरके ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के चिकित्सकों ने एक जटिल वैस्कुलर सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देकर 66 वर्षीय मरीज को नया जीवन दिया। डीडवाना निवासी भंवराराम पिछले करीब एक माह से बाएं घुटने के पीछे लगातार दर्द और सूजन की समस्या से परेशान थे। अस्पताल में विस्तृत जांच और सीटी एंजियोग्राफी के बाद उन्हें लेफ्ट पॉप्लिटियल आर्टरी स्यूडोएन्यूरिज्म नामक दुर्लभ एवं गंभीर रक्तवाहिनी संबंधी बीमारी से पीड़ित पाया गया।

चिकित्सकों के अनुसार इस बीमारी के कारण प्रभावित पैर में रक्त प्रवाह बाधित होने के साथ गंभीर जटिलताओं का खतरा बना रहता है। मरीज पहले से क्रॉनिक किडनी डिजीज, पार्किंसन रोग और कोरोनरी आर्टरी डिजीज जैसी गंभीर बीमारियों से भी ग्रसित थे, जिससे सर्जरी चुनौतीपूर्ण बन गई थी।

कार्डियक एवं वैस्कुलर सर्जन डॉ. गौरव गोयल के नेतृत्व में विशेषज्ञ टीम ने सफल ऑपरेशन किया। सर्जरी के दौरान स्यूडोएन्यूरिज्म को हटाकर पॉप्लिटियल आर्टरी का ग्राफ्ट इंटरपोजिशन किया गया, जिससे प्रभावित पैर में रक्त प्रवाह दोबारा सामान्य हो गया। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति संतोषजनक रही और पैर में रक्त संचार सामान्य पाया गया।

डॉ. गौरव गोयल ने बताया कि समय पर जांच और विशेषज्ञ उपचार से इस प्रकार की जटिल रक्तवाहिनी संबंधी बीमारियों का सफल इलाज संभव है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि घुटने के पीछे लगातार दर्द, सूजन या धड़कन जैसी अनुभूति हो तो इसे सामान्य न समझें और तुरंत विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story