एसएमएस अस्पताल में महिला के सिर से 4 किलो का जटिल ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाला

WhatsApp Channel Join Now
एसएमएस अस्पताल में महिला के सिर से 4 किलो का जटिल ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाला


एसएमएस अस्पताल में महिला के सिर से 4 किलो का जटिल ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाला


जयपुर, 03 मई (हि.स.)। प्रदेश के सबसे बड़े एसएमएस मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में चिकित्सा क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि सामने आई है। यहां प्लास्टिक सर्जरी विभाग के चिकित्सकों ने 30 वर्षीय महिला के सिर से करीब 4 किलोग्राम वजनी जटिल ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकालकर उसे नई जिंदगी दी है।

जानकारी के अनुसार महिला लंबे समय से सिर पर भारी ट्यूमर से परेशान थी। ट्यूमर का आकार उसके सिर से लगभग दोगुना हो चुका था और यह खोपड़ी की हड्डियों को पार कर ब्रेन तक पहुंच गया था, जिससे ऑपरेशन बेहद जोखिम भरा बन गया था। ट्यूमर के कारण महिला का चलना-फिरना भी मुश्किल हो गया था और दुर्गंध के चलते उसका सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा था।

परिजनों के मुताबिक मरीज को कई बड़े अस्पतालों में दिखाया गया, लेकिन ट्यूमर की जटिलता को देखते हुए अधिकांश जगहों पर सर्जरी से इनकार कर दिया गया। आखिरकार मामला एसएमएस अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने इसे चुनौती के रूप में स्वीकार किया।

यह जटिल सर्जरी प्लास्टिक सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. आरके जैन के नेतृत्व में की गई। टीम में डॉ. अंकित गोयल, डॉ. सौरभ शर्मा, डॉ. दिलप्रीत, डॉ. अंकित और डॉ. संधू शामिल रहे। चूंकि ट्यूमर ब्रेन तक पहुंच चुका था, इसलिए न्यूरोसर्जन डॉ. अशोक गांधी का भी सहयोग लिया गया। एनेस्थीसिया टीम का नेतृत्व डॉ. राजीव शर्मा ने किया, जिसमें डॉ. रजनी, डॉ. गोपाल और नर्सिंग स्टाफ की अहम भूमिका रही।

डॉ. आरके जैन ने बताया कि ट्यूमर ब्रेन और महत्वपूर्ण नसों से जुड़ा होने के कारण सर्जरी अत्यंत जटिल थी, लेकिन सटीक योजना, आधुनिक तकनीकों और टीम वर्क से ऑपरेशन सफल रहा।सर्जरी के बाद मरीज अब खतरे से बाहर है और उसकी स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। अस्पताल प्रशासन ने इसे चिकित्सा क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि बताया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story