चौपाल में जिला कलेक्टर ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, ईंधन बचत का संदेश देने बस से पहुंचे सभी जिला अधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
चौपाल में जिला कलेक्टर ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, ईंधन बचत का संदेश देने बस से पहुंचे सभी जिला अधिकारी


चित्तौड़गढ़, 05 जून (हि.स.)। जिले के भदेसर ब्लॉक की ग्राम पंचायत सुखवाड़ा में आयोजित रात्रि चौपाल में जिला कलेक्टर डॉ. मंजू ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि बच्चों पर पढ़ाई को लेकर अनावश्यक दबाव नहीं डालना चाहिए। प्रत्येक बच्चे में अलग प्रतिभा होती है और जीवन में सफलता के अनेक मार्ग होते हैं। उन्होंने कहा कि कई विद्यार्थी आईएएस एवं आरएएस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, ऐसे में परिवारजनों को चाहिए कि वे बच्चों का मनोबल बढ़ाएं, न कि कम अंक आने या पढ़ाई में कमजोर होने पर उन्हें डांटे या मानसिक रूप से परेशान करें।

जिला कलेक्टर ने कहा कि किसी बच्चे के भविष्य में क्या लिखा है, यह कोई नहीं जानता। इसलिए बच्चों को सकारात्मक वातावरण देकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना आवश्यक है। इस अवसर पर विद्यालय में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने एवं विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान भी किया गया। रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याएं जिला प्रशासन के समक्ष रखी। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त परिवादों का संवेदनशीलता के साथ त्वरित निस्तारण किया जाए। उन्होंने कुछ मामलों में 7 से 15 दिवस में कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, वहीं कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान करवाया गया।चौपाल में चारागाह भूमि पर हो रही अवैध माइनिंग को लेकर भी ग्रामीणों ने मांग रखी, जिस पर जिला कलक्टर ने अतिरिक्त जिला कलक्टर को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके अलावा चरनोट भूमि पर अतिक्रमण, ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था, पेयजल समस्या, सुखवाड़ा से हसमतगंज तक सड़क निर्माण, भूमि एवं आवास उपलब्ध करवाने सहित रसद, सार्वजनिक निर्माण विभाग एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग से संबंधित मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस बार चौपाल की विशेष बात यह रही कि जिला कलक्टर डॉ. मंजू सहित जिला स्तरीय अधिकारी जिला मुख्यालय से बस में सवार होकर रात्रि चौपाल में पहुंचे। इस पहल के माध्यम से ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण एवं सामूहिक कार्य संस्कृति का संदेश दिया गया। इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, अतिरिक्त जिला कलक्टर रामचंद्र खटीक, उपखंड अधिकारी रजनी मीणा, तहसीलदार शिव सिंह, विकास अधिकारी अनिल टेलर, जनप्रतिनिधि, जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

Share this story