कॉलोनी में 12 फीट लंबा अजगर देख मची हलचल, दो-तीन बार रेस्क्यू टीम को भी दिया चकमा

WhatsApp Channel Join Now
कॉलोनी में 12 फीट लंबा अजगर देख मची हलचल, दो-तीन बार रेस्क्यू टीम को भी दिया चकमा


कॉलोनी में 12 फीट लंबा अजगर देख मची हलचल, दो-तीन बार रेस्क्यू टीम को भी दिया चकमा


कोटा, 22 सितंबर (हि.स.)। बसंत विहार क्षेत्र में सोमवार रात उस समय हलचल मच गई, जब कॉलोनी में करीब 12 फीट लंबा और 40 किलो वजनी अजगर दिखाई दिया। गणेश तालाब और आरएसी के बीच स्थित कॉलोनी में रात करीब 10 बजे अजगर दीवार के पास बैठा था। रास्ते से गुजर रहे लोगों की नजर उस पर पड़ी तो देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

विशालकाय अजगर को देखकर कॉलोनीवासियों ने स्नेक कैचर गोविंद शर्मा को सूचना दी। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और अजगर को सुरक्षित पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। अजगर का आकार और भारी वजन देखकर मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए।

रेस्क्यू के दौरान अजगर ने भी आसानी से हार नहीं मानी। गोविंद शर्मा के अनुसार उसे पकड़ने की कोशिश के दौरान वह दो से तीन बार पकड़ से निकल गया। इसके बाद काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित तरीके से काबू में लिया जा सका। इस दौरान बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई को कौतूहल के साथ देखते रहे।

अजगर के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई। विभाग की जानकारी में लेने के बाद अजगर को सुरक्षित रूप से लाडपुरा के जंगल क्षेत्र में ले जाकर छोड़ दिया गया। विशाल अजगर के रिहायशी इलाके में आने से कुछ देर के लिए दहशत में आए कॉलोनीवासियों ने उसके सुरक्षित रेस्क्यू के बाद राहत की सांस ली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story