सैन्य नर्सिंग सेवा के शताब्दी वर्ष पर जारी होगा 100 रूपये का स्मारक सिक्का

WhatsApp Channel Join Now
सैन्य नर्सिंग सेवा के शताब्दी वर्ष पर जारी होगा 100 रूपये का स्मारक सिक्का


बीकानेर, 29 सितंबर (हि.स.)। देश की रक्षा के लिए हर मोर्चे पर तैनात सैन्य बलों से तो लगभग हर कोई परिचित है, लेकिन इन सैनिकों को हर कदम पर, हर आपात स्थिति में, दुर्घटनाओं के दौरान और युद्ध के समय चिकित्सा एवं नर्सिंग सेवाएं उपलब्ध कराने वाली एक महत्वपूर्ण इकाई के बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। यह सेवा मिलिट्री नर्सिंग सर्विस (मिलिट्री नर्सिंग सर्विस-एमएनएस) के नाम से जानी जाती है।

सिक्कों के संग्रह एवं अध्ययन से जुड़े प्रसिद्ध मुद्राशास्त्री बीकानेर निवासी सुधीर लुणावत के अनुसार, इस स्मारक सिक्के का निर्माण भारत सरकार की कोलकाता टकसाल द्वारा किया जाएगा। सिक्के का कुल वजन 35 ग्राम होगा। इसमें 50 प्रतिशत चांदी, 40 प्रतिशत तांबा तथा 5-5 प्रतिशत निकल और जस्ता का मिश्रण होगा। सिक्के का व्यास 44 मिलीमीटर होगा। सुधीर लुणावत ने बताया कि सिक्के के एक तरफ मध्य में “100” का अंक प्रदर्शित किया जाएगा। इस “100” के डिजाइन के भीतर मिलिट्री नर्सिंग सर्विस का लोगो और नर्स की आकृति प्रदर्शित की जाएगी।

पिछले कई दशकों से सैन्य नर्सिंग सेवा की समर्पित टीम सैन्यकर्मियों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को शांति तथा युद्ध, दोनों परिस्थितियों में पेशेवर नर्सिंग सेवाएं प्रदान करती रही है। सैन्य स्वास्थ्य सेवाओं में एमएनएस का योगदान भारतीय सशस्त्र बलों के इतिहास और विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। भारत सरकार इस महत्वपूर्ण सेवा के शताब्दी वर्ष का आयोजन कर रही है। इसी अवसर को यादगार बनाने के लिए एक विशेष ₹100 का स्मारक सिक्का जारी किया जाएगा। 28 सितंबर 2026 को वित्त मंत्रालय द्वारा जारी गजट अधिसूचना में इस सिक्के की पुष्टि की गई है।

सिक्के के दूसरे भाग के मध्य में अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष अंकित होगा। इसके बाईं ओर देवनागरी में “भारत” तथा दाईं ओर अंग्रेजी में “INDIA” लिखा होगा। अशोक स्तंभ के ठीक नीचे ₹100 के रूप में सिक्के का मूल्यवर्ग प्रदर्शित किया जाएगा।

यह स्मारक सिक्का सामान्य मुद्रा के रूप में प्रचलन में नहीं आएगा, बल्कि संग्रहणीय स्मारक सिक्के के रूप में जारी किया जाएगा। इसके जारी होने के बाद इसे भारत सरकार की कोलकाता टकसाल की आधिकारिक वेबसाइट/बिक्री व्यवस्था के माध्यम से खरीदा जा सकेगा। मिलिट्री नर्सिंग सर्विस के 1926 से 2026 तक के 100 वर्षों के सफर को समर्पित यह सिक्का देश की सैन्य चिकित्सा व्यवस्था में नर्सिंग सेवा के योगदान और समर्पण की स्मृति को संजोने वाला एक महत्वपूर्ण संग्रहणीय स्मारक होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story