कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने जौहरी बाजार में मिट्टी के दीये खरीदकर दिया स्वदेशी का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने जौहरी बाजार में मिट्टी के दीये खरीदकर दिया स्वदेशी का संदेश


कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने जौहरी बाजार में मिट्टी के दीये खरीदकर दिया स्वदेशी का संदेश


जयपुर, 03 नवंबर (हि.स.)। दीपावली के अवसर पर कैबिनेट मंत्री एवं झोटवाड़ा विधायक कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने मंगलवार काे जयपुर के ऐतिहासिक जौहरी बाजार और हवामहल क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय दुकानदारों से मिट्टी के दीये खरीदे और व्यापारियों व कारीगरों से संवाद कर उन्हें प्रोत्साहित किया। उन्होंने लक्ष्मी-नारायण मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना भी की।

राठौड़ ने कहा कि स्थानीय बाजारों की रौनक, पारंपरिक हस्तशिल्प और कारीगरों की मेहनत भारतीय संस्कृति और स्वदेशी अर्थव्यवस्था की पहचान हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के संदेश को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों की खरीद केवल व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कारीगरों के हुनर, परिश्रम और आजीविका को सम्मान देने का माध्यम है।

उन्होंने कहा कि आमजन की छोटी-छोटी खरीदारी भी स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान कर सकती है। दीपावली पर स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने, स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी करने तथा क्षेत्र के कारीगरों और छोटे उद्यमियों को प्रोत्साहित करने की जरूरत है।

राठौड़ ने कहा कि जब स्थानीय बाजार मजबूत होंगे, तभी राजस्थान की अर्थव्यवस्था अधिक सशक्त होगी। स्थानीय उत्पादों को अपनाने और स्वदेशी उद्यमों को बढ़ावा देने में जनभागीदारी से विकसित राजस्थान के संकल्प को गति मिलेगी। विकसित भारत का सपना भी तभी साकार होगा, जब प्रत्येक नागरिक स्थानीय उत्पादों को अपनाकर आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771982 Articles

Share this story