तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से जीजा-साले की मौत, चालक फरार
अलवर, 12 मई (हि.स.)। एमआईए थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में जीजा-साले की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना रात करीब 10:15 बजे लोहिया का तिबारा इलाके में हुई।
मृतकों की पहचान शहर के रूपबास निवासी मुकेश जांगिड़ और सुनील जांगिड़ के रूप में हुई है, जो रिश्ते में जीजा-साला थे। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा दोनों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मुकेश और सुनील बढ़ई का कार्य करते थे तथा पिछले करीब दो वर्षों से नेटवर्क मार्केटिंग के कार्य से भी जुड़े हुए थे। सोमवार को दोनों अपने तीसरे साथी दुलीचंद के साथ काम के सिलसिले में टोल टैक्स क्षेत्र में कुछ लोगों से मिलने गए थे। वहां से लौटते समय मुकेश और सुनील एक बाइक पर आगे चल रहे थे, जबकि दुलीचंद दूसरी बाइक पर पीछे था।
प्रत्यक्षदर्शी दुलीचंद के अनुसार दोनों की बाइक की रफ्तार करीब 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा थी।
जैसे ही वे लोहिया का तिबारा क्षेत्र पहुंचे, पीछे से तेज गति से आए ट्रक ने लापरवाहीपूर्वक उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। देर रात मृतकों के परिवारजन जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है तथा फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

