मुख्यमंत्री सद्भावना केंद्र पर कलेक्शन ड्राइव का सफल आयोजन, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर किया सहयोग
जयपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। नगर निगम जयपुर द्वारा मुख्यालय स्थित मुख्यमंत्री सद्भावना केंद्र पर गुरूवार कलेक्शन ड्राइव का सफल आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य उपयोग योग्य एवं अच्छी स्थिति में उपलब्ध वस्तुओं को एकत्रित कर जरूरतमंद लोगों तक पहुँचाना एवं उनके चेहरे पर मुस्कान लाना अभियान के दौरान नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कपड़े, पुस्तकें, खिलौने तथा अन्य उपयोगी सामग्री दान स्वरूप प्रदान की। सभी प्रतिभागियों ने इस सामाजिक पहल का समर्थन करते हुए जरूरतमंदों की सहायता के लिए अपनी सहभागिता सुनिश्चित की।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति का छोटा-सा योगदान भी किसी जरूरतमंद के जीवन में बड़ा सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है। मुख्यमंत्री सद्भावना केंद्र के माध्यम से एकत्रित सामग्री को जरूरतमंद परिवारों तक पहुँचाया जाएगा, जिससे समाज में सहयोग, सेवा एवं सद्भावना की भावना को और अधिक बल मिलेगा। नगर निगम जयपुर ने सभी नागरिकों से भी अपील की कि वे ऐसे सामाजिक अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा उपयोग योग्य वस्तुओं का दान कर जरूरतमंदों के जीवन में खुशियाँ बाँटने में अपना योगदान दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

