राजस्थान में कमजोर पड़ी शीतलहर, दिन में धूप ने दी सर्दी से राहत; रात में बरकरार रहेगा ठंड का असर

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में कमजोर पड़ी शीतलहर, दिन में धूप ने दी सर्दी से राहत; रात में बरकरार रहेगा ठंड का असर


राजस्थान में कमजोर पड़ी शीतलहर, दिन में धूप ने दी सर्दी से राहत; रात में बरकरार रहेगा ठंड का असर


जयपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान में शुक्रवार को शीतलहर का असर कमजोर पड़ गया। दिन के समय तेज धूप खिलने और हवा की रफ्तार कम रहने से प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो गई। बाड़मेर, जैसलमेर समेत सात शहरों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। हालांकि, सूरज ढलते ही तापमान में तेजी से गिरावट का सिलसिला जारी रहा और सुबह-शाम सर्दी का असर बरकरार रहा।

प्रदेश में शुक्रवार को सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 32.3 डिग्री सेल्सियस मापा गया। इसके अलावा श्रीगंगानगर में 31.4, चित्तौड़गढ़ में 31.2, जोधपुर में 31, पिलानी में 30.7, जैसलमेर में 30.4 और चूरू में 30.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। दिन में तेज धूप के कारण इन क्षेत्रों में लोगों को सर्दी से काफी राहत मिली।

वहीं रात के तापमान में गिरावट का दौर जारी है। प्रदेश के कई शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे मापा गया।

फतेहपुर में सबसे कम 4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। सीकर में 5, नागौर में 6.4, चूरू में 8, पिलानी में 8.2, टोंक में 7.6, अलवर में 8.5 और भीलवाड़ा में 8.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। रात में सर्द हवा चलने से कई इलाकों में गलन का असर महसूस किया गया।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार प्रदेश में पूर्वी हवाओं का प्रभाव बढ़ने से उत्तर भारत की ओर से आने वाली ठंडी हवाएं कमजोर हुई हैं। इसका असर दिन के तापमान पर दिखाई दिया और कई शहरों में पारा ऊपर चढ़ा। हालांकि रात के समय ठंडी हवाओं का असर बने रहने से न्यूनतम तापमान में ज्यादा राहत मिलने की संभावना नहीं है।

मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में अगले एक सप्ताह मौसम मुख्य रूप से शुष्क और आसमान साफ रहने की संभावना है। इस दौरान दिन में तेज धूप रहने से लोगों को सर्दी से राहत मिलेगी, जबकि रात के तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। सूरज ढलने के बाद ठंड का असर बढ़ेगा और सुबह के समय भी सर्दी बनी रहने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784493 Articles

Share this story