पश्चिम विक्षोभ से 14 से बदलेगा मौसम, दो दिन 16 शहरों में बारिश संभव

WhatsApp Channel Join Now
पश्चिम विक्षोभ से 14 से बदलेगा मौसम, दो दिन 16 शहरों में बारिश संभव


जयपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश में नया पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। आगामी दो दिन प्रदेश के 16 से अधिक शहरों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। इसके बाद हवाएं चलेगी। इससे सर्दी में इजाफा देखने को मिलेगा। प्रदेश में सर्दी में धीरे-धीरे इजाफा देखने को मिल रहा है। प्रदेश के दस शहरों का रात का पारा 15 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। 11.3 डिग्री के साथ माउंट आबू की रात सबसे सर्द रही।

मौसम विभाग के अनुसार अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौडग़ढ़, डबोक, सीकर, वनस्थली, सिरोही, फतेहपुर, माउंट आबू और नागौर का रात का पारा 15 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। श्रीगंगानगर, बीकानेर, हनुमानगढ़ सहित अन्य कुछ शहरों में सुबह हल्का कोहरा नजर आया। जयपुर के पारे में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जयपुर के अधिकतम तापमान में 0.2 और न्यूनतम तापमान में 1.3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 32.8 और न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री दर्ज किया गया। 35.8 डिग्री के साथ चित्तौडग़ढ़ का दिन और 20.5 डिग्री के साथ बाड़मेर की रात सबसे गर्म रही।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 14 नवंबर को जोधपुर व बीकानेर संभाग के कुछ भागों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने व मेघगर्जन, तेज हवाओं 30-40 किलाेमीटर प्रतिघंटा के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की प्रबल संभावना है।

15 नवंबर को बीकानेर संभाग, अजमेर, जयपुर संभाग के उत्तरी भागों व शेखावाटी क्षेत्र में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। राज्य के शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहेगा। 16 नवंबर से आगामी 4-5 दिन राज्य में मौसम शुष्क रहने तथा न्यूनतम व अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री गिरावट आएगी। इससे सर्दी में इजाफा देखने को मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776518 Articles

Share this story