कुंजी और वन वीक सीरीज की सफलता को पेपर लीक कहना गलत:कोचिंग महासंघ

WhatsApp Channel Join Now
कुंजी और वन वीक सीरीज की सफलता को पेपर लीक कहना गलत:कोचिंग महासंघ


जयपुर, 11 मई (हि.स.)। नीट परीक्षा को लेकर हाल में उठे पेपर लीक के आरोपों के बीच ऑल कोचिंग इंस्टिट्यूट महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष अनीष कुमार नाडार ने कहा है कि किसी पासबुक, कुंजी या वन वीक सीरीज में से 50 प्रतिशत से अधिक प्रश्न आने का अर्थ यह नहीं है कि पेपर लीक हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए वर्षों से देशभर में पासबुक और कुंजी का उपयोग होता आ रहा है तथा अनुमान के आधार पर प्रश्न तैयार करना शिक्षकों और विशेषज्ञों की शैक्षणिक क्षमता का हिस्सा है।

नाडार ने कहा कि यदि केवल प्रश्न मिल जाने को ही पेपर लीक का आधार माना जाए तो देश में लंबे समय से चल रही वन वीक सीरीज और कुंजियों को भी हर बार पेपर लीक मानना पड़ेगा, जो हास्यास्पद और चिंताजनक स्थिति होगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रचार से युवाओं में परीक्षाओं को लेकर स्थायी आशंका पैदा हो सकती है।

उन्होंने मीडिया और संबंधित विभागों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी शिकायत या सूचना की पूरी जांच होने के बाद ही समाचार प्रकाशित किए जाने चाहिए, ताकि विद्यार्थियों और अभिभावकों में अनावश्यक भ्रम की स्थिति पैदा न हो।

अनीष नाडार ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मामलों में शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रभावी व्यवस्था नहीं थी, लेकिन वर्तमान भजनलाल सरकार ने हेल्पलाइन नंबर और ऑनलाइन शिकायत प्रणाली शुरू कर पारदर्शिता बढ़ाने का कार्य किया है। इसी कारण अब हर परीक्षा से पहले बड़ी संख्या में शिकायतें सामने आ रही हैं।

उन्होंने कहा कि देशभर में हजारों प्रकाशकों और शिक्षकों के बीच किसी न किसी का अनुमान अधिक सटीक होना स्वाभाविक है। इसे पेपर लीक से जोड़ना गलत है। महासंघ ने पेपर लीक रोकथाम को लेकर राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राजस्थान में पहली बार इस दिशा में गंभीर और प्रभावी कदम उठाए गए हैं।

महासंघ ने एसओजी की जांच प्रणाली पर विश्वास जताते हुए कहा कि मामले की अंतिम जांच रिपोर्ट आने तक सभी पक्षों को धैर्य रखना चाहिए और इस विषय को राजनीति से दूर रखते हुए निष्पक्ष जांच में सहयोग करना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story