एसएमएस अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री, ओपीडी सेवाओं का औचक निरीक्षण कर दिए सुधार के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
एसएमएस अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री, ओपीडी सेवाओं का औचक निरीक्षण कर दिए सुधार के निर्देश


एसएमएस अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री, ओपीडी सेवाओं का औचक निरीक्षण कर दिए सुधार के निर्देश


जयपुर, 06 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को सवाई मानसिंह अस्पताल का औचक निरीक्षण कर ओपीडी सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को मरीजों को बेहतर, सुगम और समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सुधार करने तथा प्रत्येक विभाग की ओपीडी में ही जांच एवं दवा काउंटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री भीलवाड़ा दौरे से जयपुर लौटते समय अचानक सवाई मानसिंह अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने धन्वंतरी भवन में विभिन्न विभागों की ओपीडी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेडिसिन, अस्थि रोग, हृदय रोग, न्यूरो सहित अन्य विभागों में चिकित्सा सेवाओं, दवा वितरण, जांच सुविधाओं और साफ-सफाई की स्थिति की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने अस्पताल में उपचार के लिए आए मरीजों और उनके परिजनों से आत्मीयता से बातचीत कर व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को जांच और दवाओं के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े, इसके लिए संबंधित विभागों की ओपीडी में ही आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने कहा कि सवाई मानसिंह अस्पताल देश के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में शामिल है, जहां राजस्थान के अलावा अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में बढ़ते रोगी भार को देखते हुए अस्पताल प्रशासन को सेवाओं का विस्तार करने के साथ आधुनिक तकनीकी उपायों को अपनाना चाहिए, ताकि मरीजों को अधिक सुविधाजनक उपचार मिल सके।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों के लिए बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, पेयजल उपलब्धता तथा साफ-सफाई बनाए रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को बेहतर वातावरण और सुविधाएं मिलनी चाहिए। मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार एसएमएस अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जिसके लिए चिकित्सा विभाग और अस्पताल प्रशासन बधाई के पात्र हैं।

साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां भी सुधार की आवश्यकता होगी, वहां तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

निरीक्षण के दौरान प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़, एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी, अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी सहित वरिष्ठ चिकित्सक और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story