मुख्यमंत्री बुधवार को आएंगे पुष्कर

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री बुधवार को आएंगे पुष्कर


अजमेर, 07 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के बुधवार, 8 अप्रैल को तीर्थ नगरी पुष्कर में आयोजित शत गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ में शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। हालांकि उनके आगमन का समय अभी आधिकारिक रूप से घोषित नहीं किया गया है।

महायज्ञ में भाग लेने के लिए राज्यभर से श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। यज्ञशाला की प्रदक्षिणा और शाम को होने वाली महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला कलेक्टर लोकबंधु और पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ महायज्ञ स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था सहित विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही उपखंड कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित कर तैयारियों पर चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने आयोजन समिति के पदाधिकारियों से भी संवाद कर श्रद्धालुओं की संख्या, कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शर्मा, सीओ ग्रामीण रामचंद्र चौधरी, उपखंड अधिकारी गुरु प्रसाद तंवर, तहसीलदार इंद्रजीत सिंह, नगर परिषद आयुक्त जनार्दन शर्मा, सीआई विक्रम सिंह राठौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story