बहाने बनाने के बजाय कांग्रेस को करना चाहिए हार पर आत्ममंथन- भजनलाल शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
बहाने बनाने के बजाय कांग्रेस को करना चाहिए हार पर आत्ममंथन- भजनलाल शर्मा


जयपुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विवादित टिप्पणी को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर निशाना साधा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता के संबंध में की गई टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि राजनीति में इस तरह की भाषा का कोई स्थान नहीं है। दिवंगत माता-पिता के बारे में इस प्रकार की टिप्पणी करना अनुचित है। कांग्रेस को अपनी राजनीतिक मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। इस तरह की बयानबाजी से कांग्रेस का राजनीतिक नुकसान ही होगा और जनता के बीच उसकी छवि और खराब होगी।

कांग्रेस पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनावों में हर बार मिल रही हार के कारणों पर कांग्रेस को आत्ममंथन करना चाहिए। कमियों को दूर करने की जिम्मेदारी संगठन की होती है, कोई दूसरा उन्हें दूर नहीं कर सकता। कांग्रेस को बहानेबाजी छोड़कर जनता के बीच विश्वसनीयता स्थापित करने पर ध्यान देना चाहिए। केवल आरोप लगाने और अनर्गल बयानबाजी करने से जनता का विश्वास हासिल नहीं किया जा सकता।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस चुनावों में हार का सामना करने पर कभी ईवीएम तो कभी एसआईआर जैसे मुद्दों को लेकर सवाल उठाती है। उसे ऐसे बहाने बनाने के बजाय जनता के बीच जाकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता अफवाहों और तुष्टीकरण की राजनीति जानती है। अब जनता विकास, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता दे रही है।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने वन स्टेट, वन इलेक्शन का संकल्प लिया था। उस समय कांग्रेस नेताओं ने इसे लेकर टिप्पणियां की थीं, लेकिन आज हमारे संकल्प को सिद्धि मिली है। प्रदेश में निकाय चुनाव संपन्न हो चुके हैं और पंचायती राज चुनाव की प्रक्रिया भी जारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश में सुशासन साकार हो रहा है। केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार गांव, गरीब, किसान और मजदूर के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता जनकल्याण, विकास और आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। भाजपा कार्यकर्ता दिन के 24 घंटे, महीने के 30 दिन और साल के 365 दिन जनता के बीच रहकर सेवा करता है। पार्टी के कार्यकर्ता लगातार आमजन से संवाद करते हैं तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत रहते हैं। जनता से निरंतर जुड़ाव भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व, राज्य सरकार के विकास कार्यों और भाजपा कार्यकर्ताओं की सतत जनसेवा के आधार पर पार्टी आगामी पंचायती राज चुनावों में राजस्थान में बड़े बहुमत के साथ जीत हासिल करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संदीप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768414 Articles

Share this story