जनवरी तक बजट घोषणाओं को धरातल पर उतारने और स्वीकृति के बाद समय पर काम पूरे करने की हिदायत

WhatsApp Channel Join Now
जनवरी तक बजट घोषणाओं को धरातल पर उतारने और स्वीकृति के बाद समय पर काम पूरे करने की हिदायत


जयपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को बजट घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आगामी जनवरी तक बजट घोषणाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए और इसके लिए विभाग मिशन मोड पर काम करे।

मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि केवल परियोजनाओं की स्वीकृति जारी करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि निर्धारित समयावधि में कार्यों को धरातल पर पूरा करना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने शनिवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में जल संसाधन विभाग की उच्चस्तरीय बैठक लेकर विभागीय परियोजनाओं और बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को परियोजनाओं की नियमित और प्रभावी मॉनिटरिंग करने तथा कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने बांधों की मरम्मत और रखरखाव को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बांधों से होने वाले रिसाव को रोकने के प्रभावी उपाय किए जाएं, ताकि पानी की बर्बादी रुके और उपलब्ध अतिरिक्त जल का समुचित उपयोग किया जा सके। उन्होंने जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने हरिके बैराज की नियमानुसार सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश को उसके हिस्से का स्वच्छ पानी प्राप्त हो सकेगा और राज्य हित में जलप्रवाह को सुचारू बनाए रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने न्यायालयों में प्रक्रियाधीन मामलों की भी नियमित निगरानी करने तथा प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि विभाग से संबंधित मामलों का शीघ्र निस्तारण हो सके।

बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अभय कुमार, मुख्यमंत्री कार्यालय के अतिरिक्त मुख्य सचिव अखिल अरोड़ा, प्रमुख शासन सचिव वित्त वैभव गालरिया सहित संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784915 Articles

Share this story