मुख्यमंत्री आवास पर महिलाओं के साथ सीएम भजनलाल शर्मा ने सुनी ‘मन की बात’

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री आवास पर महिलाओं के साथ सीएम भजनलाल शर्मा ने सुनी ‘मन की बात’


मुख्यमंत्री आवास पर महिलाओं के साथ सीएम भजनलाल शर्मा ने सुनी ‘मन की बात’


जयपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर महिलाओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 137वां एपिसोड सुना। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने महिला सशक्तीकरण, युवाओं को नशे से दूर रखने, स्वच्छता और नवाचार सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर देशवासियों से संवाद किया।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने महिला सशक्तीकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के करीब 46 प्रतिशत, यानी 35 लाख से अधिक लाभार्थी महिलाएं हैं। ये महिलाएं छोटे-छोटे कारोबार से शुरुआत कर उन्हें बड़े व्यवसाय में बदल रही हैं। उन्होंने कहा कि एक छोटा-सा विचार भी बड़े बदलाव का कारण बन सकता है। युवाओं को अपने विचारों और नवाचारों को आगे बढ़ाकर समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान देना चाहिए।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान में युवाओं की बढ़ती भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान में भी युवा बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं और विशेष पहलों के जरिए समाज के सामने उदाहरण पेश कर रहे हैं।

इस मौके पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार मातृशक्ति के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, जन-धन खाते, उज्ज्वला योजना, पीएम आवास योजना और पीएम स्वनिधि योजना जैसी योजनाओं ने महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र को मजबूत बनाने के लिए महिलाओं का सशक्त होना जरूरी है। इसी उद्देश्य से राजस्थान सरकार ने पिछले तीनों बजट तैयार करने से पहले विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं के साथ संवाद कर उनके सुझाव लिए और उन्हें बजट में शामिल किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मेधावी छात्राओं को साइकिल और स्कूटी वितरित की जा रही हैं।

वहीं, गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मां योजना के तहत निशुल्क जांच और सोनोग्राफी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि राजीविका के माध्यम से महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को गति दी जा रही है। आशा सहयोगिनियों के मानदेय में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। इसके अलावा बैंक सखी और पशु सखी जैसी पहलों के माध्यम से महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं से सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और समाज में सकारात्मक बदलाव की भागीदार बनने का आह्वान किया। इस अवसर पर विभिन्न जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story