मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 144 नई बसों को दिखाई हरी झंडी

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 144 नई बसों को दिखाई हरी झंडी


मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 144 नई बसों को दिखाई हरी झंडी


जयपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को जयपुर के अजमेर रोड स्थित हीरापुरा बस टर्मिनल से रोडवेज की 144 नई बसों को पूजन के बाद हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बस चालकों के साथ संवाद करते हुए ग्रुप फोटो भी खिंचवाई। मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार सभी संकल्पों एवं वादों को पूरा करते हुए जनकल्याण से जुड़े प्रत्येक क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लगातार सार्वजनिक परिवहन सेवा का विस्तार किया जा रहा है, ताकि आमजन को सुरक्षित, सुलभ और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध हो सके। हमारी सरकार की प्राथमिकता प्रदेश के हर कोने में परिवहन सुविधा पहुंचाना है। आज रवाना की गई 144 नई बसों के संचालन से प्रदेश के लाखों यात्रियों को बेहतर यात्रा सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के प्रभावी प्रबंधन और पारदर्शी कार्यप्रणाली के कारण राजस्थान रोडवेज घाटे से निकलकर लाभ की स्थिति में पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने वित्तीय अनुशासन स्थापित कर रोडवेज कर्मचारियों को समय पर वेतन देना सुनिश्चित किया है।

मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा के प्रति जागरुकता का संदेश देते हुए सड़क सुरक्षा अग्रदूत महिलाओं को हेलमेट भी वितरित किए। उन्होंने प्रदेशवासियों से यातायात नियमों का पालन करने तथा दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की अपील की। उन्होंने कहा कि सुरक्षित यात्रा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सांसद मंजू शर्मा सहित जनप्रतिनिधि और आमजन उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

Share this story