धम्बोला की गलियों में पैदल निकले मुख्यमंत्री, ग्रामीणों संग चाय पर की चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
धम्बोला की गलियों में पैदल निकले मुख्यमंत्री, ग्रामीणों संग चाय पर की चर्चा


जयपुर, 22 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार सुबह डूंगरपुर जिले के धम्बोला गांव में रात्रि विश्राम के बाद गांव की गलियों में पैदल भ्रमण कर ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री कभी बुजुर्गों का हालचाल पूछते नजर आए तो कहीं दुकानदारों से उनके कारोबार और रोजमर्रा की जिंदगी की जानकारी लेते दिखाई दिए। मुख्यमंत्री की सादगी और अपनत्व से ग्रामीण खासे प्रभावित नजर आए।

मुख्यमंत्री ने गांव में जगह-जगह रुककर लोगों की समस्याएं सुनीं और सरकार की योजनाओं को लेकर फीडबैक भी लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि गांवों की सबसे बड़ी खूबसूरती यहां की “रामा-श्यामा” की परंपरा है, जहां लोग एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं।

ग्रामीणों के साथ चाय पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सभी पंचायतों में अटल ज्ञान केंद्र विकसित कर रही है। यहां युवाओं को पुस्तकें, समाचार पत्र और अध्ययन सामग्री उपलब्ध होगी, जिससे वे गांव में रहकर ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे और उन पर आर्थिक बोझ भी कम होगा।

उन्होंने कहा कि गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए चरणबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि तालाबों के संरक्षण और वर्षा जल के उचित प्रबंधन से जल संकट को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार 25 मई से ‘वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान’ शुरू करेगी। इस अभियान के तहत जनभागीदारी से गांवों में जल संरक्षण और जल संचयन के कार्य कराए जाएंगे, जिससे भूजल स्तर बढ़ाने में मदद मिलेगी।

शर्मा ने अधिकारियों को धम्बोला गांव के खेमसागर तालाब पर पाल निर्माण और पौधारोपण कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने पुलिस अधिकारियों को जिले में नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने और युवाओं को इससे जोड़ने को कहा। ग्रामीणों की मांग पर मुख्यमंत्री ने खेल सुविधाओं के विस्तार और राजकीय विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण कक्षा कक्ष निर्माण के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

गांव भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री बच्चों के बीच भी पहुंचे।

बैडमिंटन खेल रहे बच्चों के साथ उन्होंने खुद भी बैडमिंटन खेला और उनका उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री के साथ खेलकर बच्चे बेहद खुश नजर आए। इस दौरान उन्होंने बच्चों को चॉकलेट भी वितरित की। इससे पहले मुख्यमंत्री ने धम्बोला स्थित गोवर्धन नाथ मंदिर और माताजी मंदिर में दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story