उदयपुर में सीएम का रोड शो, विकसित उदयपुर के संकल्प के साथ मांगा जनसमर्थन

WhatsApp Channel Join Now
उदयपुर में सीएम का रोड शो, विकसित उदयपुर के संकल्प के साथ मांगा जनसमर्थन


उदयपुर में सीएम का रोड शो, विकसित उदयपुर के संकल्प के साथ मांगा जनसमर्थन


उदयपुर, 5 सितंबर (हि. स.)। नगर निकाय चुनाव 2026 के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को उदयपुर में शक्ति प्रदर्शन करते हुए रोड शो आयोजित किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में निकले रोड शो में भाजपा के सभी 80 प्रत्याशी, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए। सूरजपोल से शुरू हुआ रोड शो मध्य बापू बाजार होते हुए बैंक तिराहे तक पहुंचा। इस दौरान पूरे मार्ग पर भाजपा के समर्थन में जमकर नारेबाजी हुई।

भाजपा संभाग मीडिया प्रभारी चंचल कुमार अग्रवाल ने बताया कि रोड शो से पूर्व मुख्यमंत्री ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उपस्थित लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इस अवसर पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़, सह प्रभारी नारायण पंचारिया, कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी, भाजपा जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, संभाग प्रभारी नाहर सिंह जोधा, शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

रोड शो के दौरान विभिन्न समाजों एवं संगठनों की ओर से जगह-जगह मंच लगाकर मुख्यमंत्री का पुष्पवर्षा और नारों के साथ स्वागत किया गया। कुछ मंचों पर राजस्थानी लोक नृत्य की प्रस्तुतियां भी हुईं।

बैंक तिराहे पर मुख्यमंत्री ने रथ से कार्यकर्ताओं और आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में विकास की गति को और तेज करने के लिए निकायों में भी भाजपा की सरकार जरूरी है। उन्होंने ‘विकसित भारत, विकसित राजस्थान और विकसित उदयपुर’ के संकल्प को दोहराते हुए ट्रिपल इंजन सरकार बनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा जो संकल्प लेती है, उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध रहती है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के संकल्प पत्र के 78 प्रतिशत कार्य पूरे हो चुके हैं तथा प्रत्येक विधायक को 28 करोड़ रुपए की विधायक मद निधि जारी की गई है।

शर्मा ने उदयपुर को राजस्थान का ‘कश्मीर’ बताते हुए कहा कि शहर को विश्व स्तरीय पर्यटन सिटी के रूप में विकसित करने में कोई कमी नहीं रखी जाएगी। उन्होंने भाजपा के सभी 80 प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story