मुख्यमंत्री ने अपने सुरक्षा काफिले में वाहनों की संख्या घटाई, मंत्रियों-अधिकारियों को भी दिए सख्त निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने अपने सुरक्षा काफिले में वाहनों की संख्या घटाई, मंत्रियों-अधिकारियों को भी दिए सख्त निर्देश


जयपुर, 13 मई (हि.स.)। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पेट्रोल-डीजल की बचत, सरकारी खर्चों में कटौती और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण और प्रतीकात्मक कदम उठाया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन बचत और संसाधनों के संयमित उपयोग की अपील के बाद मुख्यमंत्री ने अपने स्वयं के सुरक्षा काफिले (कारकेड) में वाहनों की संख्या में भारी कमी कर दी है।

बुधवार सुबह मुख्यमंत्री जब दिल्ली दौरे के लिए सांगानेर एयरपोर्ट रवाना हुए, तब उनका काफिला सामान्य दिनों की तुलना में काफी छोटा नजर आया। जहां पहले मुख्यमंत्री के साथ एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और सुरक्षा वाहनों सहित लगभग 14 से 16 गाड़ियां चलती थीं, वहीं अब केवल 5 आवश्यक वाहन ही काफिले में शामिल रहे।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संसाधनों की बचत और जिम्मेदार प्रशासन को लेकर जारी दिशा-निर्देशों का पालन प्रदेश सरकार गंभीरता से करेगी। उन्होंने कहा कि केवल आवश्यक वाहनों का ही उपयोग किया जाएगा और सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग नहीं होने दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया है कि वे सरकारी वाहनों का उपयोग सीमित करें तथा पेट्रोल-डीजल की बचत के लिए उदाहरण प्रस्तुत करें।

राज्य सरकार की नई व्यवस्था के तहत केवल जरूरी सुरक्षा वाहन ही उपयोग में लाए जाएंगे। अनावश्यक सरकारी वाहनों की आवाजाही कम की जाएगी। सरकारी कार्यक्रमों में सादगी को प्राथमिकता दी जाएगी। ईंधन की बचत और पर्यावरण संरक्षण को प्रशासनिक जिम्मेदारी बनाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story