मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दी राजसमंद को 347 विकास कार्यों की सौगात

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दी राजसमंद को 347 विकास कार्यों की सौगात


मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दी राजसमंद को 347 विकास कार्यों की सौगात


मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दी राजसमंद को 347 विकास कार्यों की सौगात


राजसमंद, 02 अगस्त (हि.स.)। राजसमंद जिले के इतिहास में रविवार का दिन विकास के स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जिला मुख्यालय स्थित भिक्षु निलयम से जिले को 491 करोड़ रुपये की लागत के 347 विकास कार्यों की ऐतिहासिक सौगात प्रदान कर विकास की नई इबारत लिख दी। मुख्यमंत्री ने 369 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 266 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 122 करोड़ रुपये की लागत के 81 विकास कार्यों का शिलान्यास किया।

इस दौरान कुंभलगढ़ विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़, राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी, नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़, ज़िलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल आदि मौजूद रहे। एक ही मंच से इतने बड़े पैमाने पर विकास कार्यों की सौगात मिलने से जिले के समग्र विकास को नई गति मिलेगी तथा वर्षों से अपेक्षित अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं अब धरातल पर आकार लेंगी।

मुख्यमंत्री द्वारा प्रदान की गई यह सौगात केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जिले के प्रत्येक नागरिक के जीवन स्तर को बेहतर बनाने, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के संतुलित विकास तथा भविष्य की मजबूत आधारभूत संरचना तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत, नगरीय विकास, सिंचाई, खेल, पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण तथा जनसुविधाओं से जुड़े विकास कार्य जिले की विकास यात्रा को नई दिशा प्रदान करेंगे।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास” के मूलमंत्र को आत्मसात करते हुए प्रदेश के प्रत्येक वर्ग के उत्थान और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता ऐसी व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें किसान, युवा, महिलाएं, गरीब, श्रमिक और समाज का प्रत्येक वर्ग विकास की मुख्यधारा से जुड़कर सम्मानजनक जीवन जी सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं किसान परिवार से जुड़े होने के कारण वे प्रदेश के अन्नदाताओं की समस्याओं और आवश्यकताओं को भली-भांति समझते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक मजबूती के लिए राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत दी जाने वाली सहायता राशि को 6 हजार रुपये से बढ़ाकर 9 हजार रुपये किया है। किसानों को बिजली बिलों में 61 हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुदान प्रदान किया गया है। पशुपालकों के हित में राजस्थान सहकारी गोपाल क्रेडिट कार्ड ऋण योजना लागू कर एक लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत 23 लाख से अधिक पशु बीमा पॉलिसियां जारी की जा चुकी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए पारदर्शी एवं निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में युवाओं को पेपर लीक जैसी गंभीर समस्या का सामना करना पड़ा, लेकिन वर्तमान सरकार ने दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के लिए विशेष जांच दल का गठन किया। एसआईटी अब तक पेपर लीक एवं अन्य अनियमितताओं से जुड़े मामलों में 569 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार ने 410 प्रतियोगी परीक्षाएं बिना किसी पेपर लीक के सफलतापूर्वक आयोजित की हैं। अब तक लगभग एक लाख 78 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि एक लाख 32 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। इसके अतिरिक्त 70 हजार से अधिक पदों पर नई भर्ती की तैयारी की जा रही है तथा निजी क्षेत्र में भी साढ़े चार लाख से अधिक रोजगार उपलब्ध कराए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब एवं वंचित वर्ग के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि बढ़ाकर 1 हजार 450 रुपये प्रतिमाह कर दी गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 4 लाख 40 हजार से अधिक आवासों का निर्माण कराया गया है। जरूरतमंद परिवारों को 450 रुपये में एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है तथा खाद्य सुरक्षा योजना में एक करोड़ नए पात्र व्यक्तियों के नाम जोड़े गए हैं।

महिलाओं के सशक्तीकरण को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहन देने के लिए प्रदेश में 14 लाख से अधिक साइकिलों का वितरण किया गया है तथा 46 हजार मेधावी छात्राओं को स्कूटी उपलब्ध कराई गई है। मां वाउचर योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क सोनोग्राफी सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 4 लाख 82 हजार से अधिक कूपन जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि 18 लाख महिलाओं को लखपति दीदी के रूप में आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य भी किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है और राजस्थान भी उसी गति, ऊर्जा एवं प्रतिबद्धता के साथ विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्य की ओर अग्रसर है। उन्होंने इस अभियान में सहयोग के लिए राजसमंद की देवतुल्य जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का स्नेह, विश्वास और सहयोग ही सरकार की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने आज लोकार्पित सभी विकास कार्यों के लिए जिलेवासियों को बधाई दी तथा जिन परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ है, उन्हें शीघ्र, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने का विश्वास दिलाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story