मुख्यमंत्री ने जनगणना 2027 की स्व-गणना में लिया भाग
जयपुर, 01 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जनगणना 2027 के तहत गुरुवार से प्रारंभ हुई स्व-गणना प्रक्रिया में स्वयं भाग लेकर प्रदेशवासियों को प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने आधिकारिक पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर स्व-गणना फॉर्म भरते हुए इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना 2027 डिजिटल भारत और विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यह केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश के समग्र विकास, नीति निर्माण और भविष्य की योजनाओं की मजबूत आधारशिला है।
उन्होंने प्रदेश और देश के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति इस महाअभियान में बढ़-चढ़कर भाग ले तथा स्व-गणना के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से स्व-गणना की सुविधा आमजन को सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक प्रक्रिया प्रदान करती है। इससे नागरिक घर बैठे अपनी जानकारी सुरक्षित रूप से दर्ज कर सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत 16 मई से प्रगणक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य प्रारंभ करेंगे। इससे पूर्व 1 मई से 15 मई तक नागरिकों को ऑनलाइन स्व-गणना की विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिसके माध्यम से वे स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
राज्य सरकार ने इस अभियान को व्यापक जनभागीदारी से सफल बनाने के लिए आमजन से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा की है। मुख्यमंत्री की पहल को जनगणना अभियान के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण संदेश माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

