मुख्यमंत्री ने वैश्य समाज प्रतिनिधि मंडल से की मुलाकात

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने वैश्य समाज प्रतिनिधि मंडल से की मुलाकात


बीकानेर, 07 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से बीकानेर के वैश्य समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। व्यस्त चुनावी कार्यक्रम के बावजूद मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल से गर्मजोशी और आत्मीयता के साथ मुलाकात की। इस दौरान समाज की भाजपा संगठन में राजनीतिक भागीदारी सहित विभिन्न विषयों पर खुलकर चर्चा हुई।

प्रतिनिधि मंडल में गणेश बोथरा, शिखरचंद डागा, मनीष बाफना और राजेश बैद शामिल रहे। मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिनिधियों से व्यक्तिगत रूप से संवाद किया और उनकी बात सुनी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा सर्वसमाज को साथ लेकर चलने की नीति अपनाई है। संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी विशिष्ट पहचान रखता है और पार्टी में मेहनत व निष्ठा से काम करने वाले कार्यकर्ता को आगे बढऩे का अवसर मिलता है। निकाय चुनाव के बीच हुई इस मुलाकात को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल से चुनाव में संगठन के साथ मजबूती से खड़े रहने और भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि समर्पण के साथ किया गया संगठन का काम व्यक्ति को सर्वोच्च दायित्व तक पहुंचा सकता है।

इस दौरान केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल और नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष महावीर रांका भी मौजूद रहे। महावीर रांका, रमेश भाटी सहित अन्य लोगों ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री के सहज और आत्मीय अंदाज में संवाद तथा प्रतिनिधिमंडल की बातों को विस्तार से सुनने को लेकर वैश्य समाज के प्रतिनिधियों ने प्रसन्नता जताई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story