भाजपा मुख्यालय में मुख्यमंत्री ने सुना ‘मन की बात’

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा मुख्यालय में मुख्यमंत्री ने सुना ‘मन की बात’


जयपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 140वें संस्करण को सुना। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देश में सकारात्मक बदलाव, नवाचार और जनजागरूकता का सशक्त एवं प्रेरक माध्यम बन गया है। इसके जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे नवाचारों, उपलब्धियों और समाज में बदलाव की प्रेरक कहानियां लोगों तक पहुंचती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस बार ‘मन की बात’ में नशामुक्ति का महत्वपूर्ण संदेश दिया है। नशा ऐसी सामाजिक बुराई है, जिसका समाज में कोई स्थान नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना केवल किसी एक व्यक्ति या परिवार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा दायित्व है। इसके लिए नशामुक्ति को लेकर लगातार जागरूकता फैलाने और समाज के प्रत्येक वर्ग को इस अभियान से जोड़ने की आवश्यकता है।

शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश केवल सुनने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसे अपने जीवन में भी उतारना चाहिए। प्रधानमंत्री के फिट इंडिया अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने नागरिकों से स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नियमित व्यायाम और फिटनेस को जीवन का हिस्सा बनाकर व्यक्ति स्वयं को स्वस्थ रखने के साथ समाज को भी स्वस्थ बनाने में योगदान दे सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए देश के प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। ‘मन की बात’ के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों में हो रहे विकास कार्यों, नवाचारों और विरासत संरक्षण के प्रयासों को देश के सामने लाया जाता है। इससे लोगों को प्रेरणा मिलती है और राष्ट्र निर्माण के सामूहिक संकल्प को मजबूती मिलती है।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785495 Articles

Share this story