मुख्यमंत्री ने आमजन के साथ सुना मन की बात कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने आमजन के साथ सुना मन की बात कार्यक्रम


जयपुर, 22 फ़रवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’कार्यक्रम की ‘131वीं कड़ी’ में देशवासियों को संबोधित किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वाटिका स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय सामुदायिक केन्द्र में आमजन के साथ मन की बात कार्यक्रम सुना।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से देश के हर राज्य, हर व्यक्ति को प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार युवा, महिला, किसान और गरीब के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। हमारी सरकार ने दो वर्ष में की गई 2719 बजट घोषणाओं में से 2450 घोषणाओं पर कार्य शुरू कर दिया है। जबकि पिछली सरकार ने पांच वर्षों में कुल 4148 घोषणाएं की, जिनमें से 1935 पर ही काम किया।

शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार संकल्प पत्र के हर एक वादे को पूरा करेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत-विकसित राजस्थान का संकल्प साकार होगा।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यक्रम के बाद वाटिका से लौटते समय चाय की दुकान पर रुककर चाय का स्वाद लिया और वहां मौजूद आमजन से आत्मीयता से मुलाकात की। इस दौरान वहां उपस्थित छात्राओं ने पेपरलीक की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं भर्ती परीक्षाओं के कलेंडर निर्धारित करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट भी बांटी। मुख्यमंत्री से चॉकलेट पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस अवसर पर सांसद मंजू शर्मा, विधायक कैलाश वर्मा, रामावतार बैरवा, पूर्व सांसद रामचरण बोहरा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं आमजन उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

Share this story