मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का डूंगरपुर के कार्यकर्ताओं से संवाद
डूंगरपुर, 04 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को डूंगरपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर पंचायत चुनावों में संगठन को मजबूत करने और पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांव आगे बढ़े, किसान समृद्ध हो और राजस्थान विकसित हो, इसी संकल्प के साथ हमारी डबल इंजन सरकार कार्य कर रही है। अब इसमें पंचायती राज का तीसरा इंजन जोड़कर ट्रिपल इंजन सरकार बनाने का समय आ गया है।
उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी सदैव कहते हैं कि हमारा लक्ष्य केवल सरकार बनाना नहीं है, बल्कि मां भारती को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। उनका मानना है कि विकसित गांव ही विकसित भारत की आधारशिला हैं। गांव मजबूत होगा तो देश मजबूत होगा और गांव समृद्ध होगा तो भारत समृद्ध होगा। इसलिए हम सभी कार्यकर्ताओं को पूरी ऊर्जा के साथ हर गांव, हर ढाणी तक जाना है और पंचायत चुनावों में हर बूथ पर कमल खिलाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद गांव और गरीब की मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया। कांग्रेस की राजनीति केवल चुनावी वादों और तुष्टीकरण तक सीमित रही। जबकि भाजपा सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे कांग्रेस के भ्रम और नकारात्मक राजनीति का जवाब सरकार के सुशासन और विकास कार्यों के माध्यम से दें।
उन्होंने कहा कि गांवों का विकास, बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और आमजन की समस्याओं का समाधान भाजपा सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-शहरी वार्ड अभियान, ग्राम चौपाल, अटल ज्ञान केन्द्र, अटल पथ, किसान सम्मान निधि, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पीएम आवास योजना-ग्रामीण सहित कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिसका लाभ ग्रामीण क्षेत्रों में अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारीक

