मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बीकानेर भाजपा कार्यकर्ताओं से किया संवाद : आगामी चुनावों में एकजुट होकर करें कार्य
बीकानेर, 15 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आज भारतीय जनता पार्टी संभाग कार्यालय में आयोजित कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में भाग लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों से संवाद किया।
इस अवसर पर भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया एवं भाजपा शहर जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि उनका बीकानेर से पुराना एवं आत्मीय संबंध रहा है। उन्होंने कहा कि बीकानेर के प्रत्येक कार्यकर्ता से वे परिचित हैं तथा सभी के साथ उन्होंने संगठन में कार्य किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी है।
मुख्यमंत्री ने आगामी नगर निगम, निकाय एवं पंचायत चुनाव को लेकर सभी जनप्रतिनिधियों, विधायकों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने संगठनात्मक समन्वय और बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ चुनावी तैयारियों में जुटें।
भजनलाल शर्मा ने बीकानेर शहर एवं देहात में आगामी चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक विजय दिलाने का मंत्र देते हुए कहा कि संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास के बल पर भाजपा पुनः सफलता का परचम लहराएगी।
जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी ने बताया कि कार्यक्रम में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, बिहारीलाल विश्नोई, प्रदेश आईटी संयोजक अविनाश जोशी, विश्वकर्मा कौशल बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, विधायक विश्वनाथ मेघवाल, ताराचंद सारस्वत, अंशुमान सिंह भाटी, जेठानंद व्यास, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जालम सिंह भाटी, सत्यप्रकाश आचार्य, मोहन सुराणा, कुंभाराम सिद्ध, महामंत्री दिलीप राजपुरोहित, तोलाराम कूकना, कैलाश विश्नोई, कौशल शर्मा, श्याम सिंह हांडला, मीडिया संयोजक कमल गहलोत सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

