किसान समृद्ध तो देश समृद्ध: मुख्यमंत्री
करौली/जयपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी समृद्धि ही राष्ट्र की प्रगति का आधार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार किसानों के कल्याण और सशक्तीकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा सिंचाई के लिए निर्बाध जल और बिजली उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसी दिशा में प्रदेश के 24 जिलों में किसानों को दिन के समय बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
मुख्यमंत्री बुधवार को करौली जिले के टोडाभीम क्षेत्र के नांगल शेरपुर गांव में आयोजित किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने रामजल सेतु लिंक परियोजना को किसानों के लिए वरदान बताते हुए कहा कि इससे प्रदेश के 17 जिलों में सिंचाई और पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने करीरी-गाजीपुर-भैरोजी से राजौर वाया मेरेड़ा-खेडी जैचड़ी-माचड़ी तथा पथवारी से घासीराम बाबा आश्रम तक सड़कों के निर्माण की घोषणा की। साथ ही नांगल शेरपुर में राजकीय महाविद्यालय खोलने की भी घोषणा की गई। लपावली गांव में एनीकट निर्माण की मांग पर उन्होंने अधिकारियों को व्यवहार्यता रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने, मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार उर्वरकों का उपयोग करने और भूमि की उर्वरता बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कृषि विकास का व्यापक रोडमैप तैयार कर रही है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी।
युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे नौकरी लेने के बजाय रोजगार प्रदाता बनने की दिशा में आगे बढ़ें। इसके लिए राज्य सरकार युवा नीति के तहत ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध करा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के माध्यम से लाखों युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में राज्य सरकार ने तीन हजार रुपये की अतिरिक्त राशि जोड़कर इसे नौ हजार रुपये प्रतिवर्ष कर दिया है। इसके अलावा किसानों को 53 हजार करोड़ रुपये से अधिक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया गया है तथा दो लाख से अधिक नए कृषि बिजली कनेक्शन जारी किए गए हैं। सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए 65 हजार से अधिक सोलर पंप लगाए गए हैं, जिन पर एक हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुदान दिया गया है।
पशुपालकों के लिए भी सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत 17 लाख से अधिक पशुओं का निशुल्क बीमा किया गया है तथा 536 मोबाइल पशु चिकित्सा वाहन गांव-गांव जाकर सेवाएं दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने पिछले कार्यकाल की तुलना में अधिक विकास कार्य किए हैं। उन्होंने बताया कि सरकार ने 25 माह में 35 हजार से अधिक फार्म पॉन्ड बनवाए हैं और किसानों को इस पर 303 करोड़ रुपये का अनुदान दिया गया है।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

