मुख्यमंत्री ने पाली के ग्रामीण सेवा शिविर में पात्र जरूरतमंदों को वितरित किए पट्टे
पाली/जयपुर, 20 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को पाली जिले के सुमेरपुर क्षेत्र स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नेतरा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया, लाभार्थियों से संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं और योजनाओं की जानकारी ली तथा शिविर के संचालन को लेकर फीडबैक प्राप्त किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने पात्र जरूरतमंदों को पट्टों और विभिन्न योजनाओं के प्रमाण-पत्र वितरित किए तथा ग्रामीणों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का संचालन कर रही है। इन शिविरों के माध्यम से किसान, मजदूर, गरीब, दिव्यांग, महिलाएं तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि दस्तावेजों में त्रुटियों के कारण कई पात्र लोग योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं। सेवा शिविरों में दस्तावेज शुद्धिकरण के कार्य किए जा रहे हैं, जिससे पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने शिविर में आए एक किसान के मामले का उल्लेख करते हुए बताया कि किसान की जमाबंदी में नाम ‘ओट सिंह’ दर्ज था, जबकि शैक्षणिक एवं अन्य दस्तावेजों में उसका नाम ‘अर्जुन सिंह’ था। इस मामूली विसंगति के कारण किसान को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित अन्य योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा था। उन्होंने बताया कि ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से नाम का शुद्धिकरण किया गया है, जिससे अब संबंधित किसान को किसान सम्मान निधि सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों में नाम शुद्धिकरण, नामांतरण, रास्तों से जुड़े प्रकरण, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) से संबंधित मामलों का निस्तारण, पेंशन सत्यापन और विभिन्न प्रमाण-पत्रों के कार्य एक ही स्थान पर किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को मृदा परीक्षण की सुविधा, बीज मिनीकिट और फलदार वृक्षों की पौध उपलब्ध कराकर कृषि क्षेत्र को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिविरों में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं का लाभ भी ग्रामीणों को उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही पशुपालकों को पशुओं की स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधाएं भी प्रदान की जा रही हैं।
उन्होंने ग्रामीणों से जागरूक होकर इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
ग्रामीण सेवा शिविर में मुख्यमंत्री ने हजाराम, भैराराम और मांगीलाल को विमुक्त, घुमंतू एवं अर्द्धघुमंतू श्रेणी के अंतर्गत पट्टों का वितरण किया। इसके अलावा अजु देवी को पुराने मकान के विनियमितीकरण का प्रमाण-पत्र तथा कपूराराम को रियायती दर पर पट्टा आवंटन का प्रमाण-पत्र प्रदान किया।
इस अवसर पर पशुपालन एवं डेयरी मंत्री जोराराम कुमावत, नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा, सांसद मदन राठौड़, विधायक पुष्पेन्द्र सिंह, केसाराम चौधरी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से सीधे संवाद कर योजनाओं के प्रभाव की जानकारी ली और अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

