मुख्यमंत्री के दौरे को ऐतिहासिक बनाने के लिए कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुटें – मुकेश दाधीच

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री के दौरे को ऐतिहासिक बनाने के लिए कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुटें – मुकेश दाधीच


बीकानेर, 13 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 14 अगस्त को प्रस्तावित बीकानेर के मेघासर दौरे को लेकर आज भाजपा के वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों ने मेघोजी महाराज की प्रतिमा स्थल एवं प्रस्तावित जनसभा स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे, जनसभा, स्वागत कार्यक्रम तथा विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का मेघासर दौरा क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राजस्थान विकास और सुशासन की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटें तथा प्रत्येक जिम्मेदारी का निर्वहन समर्पण भाव से करें। मुख्यमंत्री के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं और आमजन में अभूतपूर्व उत्साह है तथा प्रस्तावित जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

प्रदेश महामंत्री एवं बीकानेर संभाग प्रभारी डॉ. मिथिलेश गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार जनकल्याण, सुशासन और विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि मेघासर में आयोजित होने वाला कार्यक्रम संगठन और सरकार के प्रति जनता के विश्वास का प्रतीक बनेगा। कार्यकर्ताओं को इसकी सफलता के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जुटना चाहिए, ताकि यह आयोजन ऐतिहासिक और यादगार बन सके।

भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने कहा कि मेघासर में ग्राम संस्थापक मेघोजी महाराज की अश्वारूढ़ प्रतिमा के अनावरण एवं मुख्यमंत्री की विशाल जनसभा को लेकर क्षेत्रभर में उत्साह का वातावरण है। उन्होंने कहा कि पहली बार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मेघासर पहुंच रहे हैं, जिससे ग्रामीणों, युवाओं और कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। जनसभा में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है और यह कार्यक्रम ऐतिहासिक रूप धारण करेगा। संगठन के कार्यकर्ता गांव-गांव संपर्क कर अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने में जुटे हुए हैं।

जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान पूर्व राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, राज्य मंत्री रामगोपाल सुथार, आईटी विभाग प्रदेश संयोजक अविनाश जोशी, भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़, प्रदेश प्रवक्ता भवानी पाईवाल, महामंत्री दिलीप राजपुरोहित, श्याम सिंह हांडला, महावीर रांका सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story