मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का सादुलशहर, अनूपगढ़ और बीकानेर दौरा
जयपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शुक्रवार और शनिवार को श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर, अनूपगढ़ और बीकानेर जिले के दौरे पर रहेंगे।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को प्रातः सादुलशहर पहुंचेंगे, जहां बस स्टैंड परिसर में आयोजित ‘तिरंगा यात्रा’ में भाग लेंगे। इसके पश्चात वे अनूपगढ़ स्थित 2 बी.एन.एम. चौकी पहुंचेंगे और सीमा सुरक्षा बल के जवानों से संवाद करने के साथ ही बॉर्डर आउटपोस्ट का अवलोकन करेंगे। दोपहर में मुख्यमंत्री अनूपगढ़ की धानमंडी में आयोजित समारोह में विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे।
मुख्यमंत्री अपराह्न में बीकानेर जिले के मेघासर पहुंचेंगे, जहां वे मेघोजी की अश्वारूढ़ प्रतिमा का अनावरण करेंगे तथा विकास कार्यों के शिलान्यास व लोकार्पण समारोह के साथ कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।
मुख्यमंत्री शाम को स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय स्थित किसान भवन पहुंचकर ‘विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी’ का अवलोकन करेंगे। तत्पश्चात वे पीबीएम अस्पताल में श्रीमती सी.एम. मूंधड़ा मेमोरियल हॉस्पिटल (मेडिसिन विंग) का लोकार्पण और निरीक्षण करेंगे। सायं में ही मुख्यमंत्री राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय में आयोजित ‘एट होम’, हाई-टी एवं ड्रोन शो कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे।
रात्रि में वे महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
स्वाधीनता दिवस पर शनिवार प्रातः मुख्यमंत्री स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय परिसर में ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद वे पब्लिक पार्क स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर वीर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पण करेंगे।
तत्पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय स्वाधीनता दिवस समारोह-2026 में ध्वजारोहण करेंगे। समारोह के पश्चात वे जल विज्ञान एवं जल प्रबंधन संस्थान सभागार में ‘युवा संवाद: विकसित राजस्थान 2047’ कार्यक्रम में युवाओं से संवाद करेंगे।
दोपहर में मुख्यमंत्री नाल एयरपोर्ट से जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

