मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने निवास पर तिरंगा झंडा फहराया

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने निवास पर तिरंगा झंडा फहराया


जयपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत मुख्यमंत्री निवास पर सपत्नीक तिरंगा झंडा फहराया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्र भक्ति की भावना को प्रकट करने का पर्व है। राष्ट्रध्वज देश की आन-बान-शान और बलिदान का प्रतीक है। इसका सम्मान करना हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने घरों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा झंडा फहराकर इस अभियान से जुड़ें।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने रविवार को अल्बर्ट हॉल से राज्य स्तरीय तिरंगा रैली में 17 अगस्त तक चलने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की प्रदेश में शुरुआत की थी। राज्य सरकार के प्रयासों और आमजन की सक्रिय सहभागिता से यह राष्ट्रव्यापी अभियान प्रदेश में जन आंदोलन का स्वरूप ले चुका है।

इस वर्ष का हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्र गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने को समर्पित है। प्रदेशवासी पूरे उत्साह और उमंग के साथ घरों, स्कूलों, कॉलेजों तथा कार्यस्थलों पर तिरंगा फहरा रहे हैं। राष्ट्रीय भावना का जश्न मनाने के लिए गांव-शहरों में तिरंगा यात्रा, रैली सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन भी किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story