कोलकाता में पश्चिम बंगाल की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री

WhatsApp Channel Join Now
कोलकाता में पश्चिम बंगाल की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री


जयपुर, 09 मई (हि.स.)। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विश्वास जताया है कि आने वाले समय में डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को कोलकात्ता में आयोजित पश्चिम बंगाल की नई सरकार के भव्य शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हाेने के बाद पत्रकाराें से बातचीत कर रहे थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस समारोह में सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सुवेंदु अधिकारी और नवगठित मंत्रिमंडल को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार पश्चिम बंगाल के सर्वांगीण विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए संकल्पित होकर कार्य करेगी। उन्होंने पश्चिम बंगाल की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य ने विकास, सुशासन और गरीब कल्याण की नीतियों पर विश्वास जताया है।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल लंबे समय तक भ्रष्टाचार और भय के माहौल से जूझता रहा, लेकिन अब जनता ने परिवर्तन का स्पष्ट जनादेश दिया है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।

समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्य, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्रीगण और अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। यह समारोह पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक ऐतिहासिक परिवर्तन के रूप में देखा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story