मुख्यमंत्री गुवाहाटी में असम सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल, हिमंत बिस्वा सरमा को दी बधाई

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री गुवाहाटी में असम सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल, हिमंत बिस्वा सरमा को दी बधाई


जयपुर, 12 मई (हि.स.)। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार को गुवाहाटी में आयोजित असम सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस समारोह में मुख्यमंत्री शर्मा ने डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा को असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा से मुलाकात कर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किया और नई सरकार के सफल कार्यकाल की कामना की। उन्होंने मंत्री पद की शपथ लेने वाले अन्य विधायकों को भी शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में डबल इंजन की सरकार असम में सभी वर्गों के कल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य करेगी तथा प्रदेश के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि नई सरकार असम में विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करेगी।

इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्रिमंडल के कई सदस्य, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्रीगण एवं अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। शपथ ग्रहण समारोह में देशभर के प्रमुख नेताओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story