मुख्यमंत्री ने 1.22 लाख आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को यूनिफॉर्म के लिए दी राशि, महिलाओं के सशक्तीकरण पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने 1.22 लाख आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को यूनिफॉर्म के लिए दी राशि, महिलाओं के सशक्तीकरण पर जोर


मुख्यमंत्री ने 1.22 लाख आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को यूनिफॉर्म के लिए दी राशि, महिलाओं के सशक्तीकरण पर जोर


जयपुर, 30 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश की एक लाख 22 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को दो यूनिफॉर्म के लिए एक-एक हजार रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना और कालीबाई भील योजना के लाभार्थियों को भी चेक वितरित किए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नौनिहालों की देखभाल कर भविष्य की मजबूत नींव तैयार कर रही हैं और राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और अन्य मानदेय कर्मियों के मानदेय में 10 प्रतिशत की वृद्धि का निर्णय लिया है, जो एक अप्रैल 2026 से लागू होगा। साथ ही अमृत आहार योजना के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में 3 से 6 वर्ष के बच्चों को सप्ताह में पांच दिन गर्म दूध उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ीकरण और मरम्मत के कार्य भी तेजी से कराए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और महिला पर्यवेक्षकों को स्मार्टफोन उपलब्ध कराए गए हैं तथा भविष्य में उनकी आंखों की निःशुल्क जांच और चश्मा उपलब्ध कराने की योजना भी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के “आत्मनिर्भर भारत” के विजन को ध्यान में रखते हुए राज्य में 19 मार्च से 15 मई तक “मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-वार्ड अभियान” चलाया जा रहा है। इसके तहत गांवों और शहरी वार्डों के समग्र विकास के लिए रोडमैप तैयार किया जा रहा है।

उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी और सुझाव देने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के सशक्तीकरण के बिना प्रदेश का विकास संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि लखपति दीदी योजना के तहत अब तक 16 लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित हो चुकी हैं और इस वर्ष बजट में ऋण सीमा को 1 लाख से बढ़ाकर 1.5 लाख रुपये किया गया है। इसके अलावा दूध पर 5 रुपये प्रति लीटर अनुदान से पशुपालन से जुड़ी महिलाओं को लाभ मिल रहा है।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री दियाकुमारी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं लखपति दीदी, सोलर दीदी और बैंक सखी का उल्लेख करते हुए महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तीकरण पर जोर दिया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्रों में वर्षभर आयोजित होने वाली गतिविधियों के वार्षिक कैलेंडर का भी विमोचन किया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री मंजू बाघमार, शासन सचिव पूनम सहित कई अधिकारी और बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story