कपड़ा फैक्ट्री में टैंक साफ करने उतरे तीन लोगों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
कपड़ा फैक्ट्री में टैंक साफ करने उतरे तीन लोगों की मौत


जहरीली गैस के कारण हुए बेहोश, साथी मजदूरों ने बाहर निकाला

जोधपुर, 13 मार्च (हि.स.)। बालोतरा के इंडस्ट्रियल एरिया में कपड़ा फैक्ट्री में स्लज टैंक की सफाई करने उतरे तीन मजदूरों की मौत हो गई। जहरीली गैस के कारण तीनों मजदूर बेहोश हो गए थे। साथी मजूदरों ने उनको बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12.30 बजे लालजी वाला मिल्स (कपड़ा फैक्ट्री) में गुमनाराम, विशंभर तिवारी और श्रवण स्लज टैंक की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान टैंक में जहरीली गैस के कारण बेहोश हो गए। साथी मजदूरों ने फैक्ट्री मालिक को सूचना दी और तीनों को टैंक से बाहर निकाला। एंबुलेंस से तीनों को राजकीय नाहटा अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। सूचना पर एसडीएम और डीएसपी जिला अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। प्रशासन ने फैक्ट्री प्रबंधन से भी हादसे के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है। बालोतरा एसडीएम अशोक कुमार ने बताया कि कपड़ा फैक्ट्री में मौका मुआयना किया गया है। प्रथम दृष्टया फैक्ट्री मालिक की लापरवाही सामने आ रही है। मजदूरों को बिना सेफ्टी के उपकरणों के टैंक में उतारा गया था। जहरीली गैस के कारण इनकी मौत हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story