क्लीन ट्रेन, क्लीन प्लेटफॉर्म के लिए यात्रियों की भागीदारी पर जोर
जोधपुर स्टेशन पर डीआरएम ने अधिकारियों के साथ श्रमदान किया, बच्चों में बांटी टॉफी
जोधपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। स्वच्छ रेल और स्वच्छ स्टेशन की मुहिम को जनभागीदारी से जोड़ते हुए शुक्रवार को गांधी-शास्त्री जयंती के अवसर पर जोधपुर रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने स्टेशन के बाहर कार पार्किंग क्षेत्र में अपर मंडल रेल प्रबंधक सहित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पर्यावरण मित्रों के साथ श्रमदान किया। उन्होंने स्वयं सफाई में भाग लेकर स्वच्छता को दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
डीआरएम ने कहा कि रेलवे की ओर से स्टेशनों और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इन प्रयासों को प्रभावी बनाने में यात्रियों की सक्रिय सहभागिता भी जरूरी है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि ट्रेन और प्लेटफॉर्म पर कचरा इधर-उधर न डालें और निर्धारित डस्टबिन का ही उपयोग करें। साथ ही अपने सहयात्रियों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें।
स्वच्छता अभियान के दौरान डीआरएम ने प्लेटफॉर्म पर खड़ी बाड़मेर-ऋषिकेश एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने यात्रियों से ट्रेन में साफ-सफाई की व्यवस्था के संबंध में फीडबैक लिया और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए उनके सुझाव भी जाने। उन्होंने यात्रियों से स्वच्छता बनाए रखने में रेलवे का सहयोग करने का आग्रह किया। डीआरएम ने स्टेशन और ट्रेन में यात्रियों तथा छोटे बच्चों से भी आत्मीय संवाद किया। इस दौरान बच्चों को टॉफियां वितरित की गईं। उन्होंने यात्रियों को स्वच्छता के प्रति स्वयं जागरूक रहने के साथ आसपास के यात्रियों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।
स्टेशन के कार पार्किंग क्षेत्र में आयोजित श्रमदान में अपर मंडल रेल प्रबंधक करणी राम, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सीताराम बुनकर, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अमित स्वामी, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव, वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक अशोक कुमार चौधरी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं पर्यावरण मित्र शामिल हुए। अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से श्रमदान कर पार्किंग क्षेत्र की सफाई की।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

