प्रदर्शन के दौरान छात्र नेताओं और पुलिस के बीच झड़प
जोधपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव बहाली समेत छात्रहित से जुड़ी अलग-अलग मांगों को लेकर छात्र संगठनों और नेताओं का प्रदर्शन लगातार जारी है। मंगलवार को भी केंद्रीय कार्यालय के बाहर कुछ छात्र नेताओं द्वारा प्रदर्शन का आह्वान किया गया था। तक छात्र नेताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई।
दरअसल केंद्रीय कार्यालय की ओर जाने वाले छात्रों और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने परिसर में एंट्री नहीं दी और मेन गेट बंद कर दिया। साथ ही उन्हें सडक़ पर ही रोक दिया। तब छात्रनेता एमएल चौधरी समेत कई छात्र नेता सडक़ पर बैठ गए और रास्ताजाम करने की कोशिश की। इस पर पुलिस ने हाथ-पैर पकडक़र सडक़ से छात्रों को उठाकर हिरासत में लिया। छात्रनेता एमएल चौधरी ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव विद्यार्थियों का लोकतांत्रिक अधिकार है और इसे तत्काल बहाल किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों को अपनी मांगों को विश्वविद्यालय प्रशासन तक पहुंचाने के लिए परिसर में जाने से रोका गया। चौधरी ने कहा कि पुलिस द्वारा छात्रों को सडक़ पर रोकने के बजाय उन्हें अपनी बात रखने का अवसर दिया जाना चाहिए था। उन्होंने चेतावनी दी कि छात्रसंघ चुनाव बहाली और छात्रहित की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
छात्रों की ये है मांगे
छात्रों की विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव तत्काल बहाल करने, चुनाव नहीं होने की स्थिति में स्टूडेंटस से छात्रसंघ शुल्क लेना बंद करने, पिछले 6 सालों में लिए गए छात्रसंघ फंड का सार्वजनिक लेखा-जोखा प्रस्तुत कर राशि रिफंड करने, रिफंड संभव नहीं होने पर राशि को लाइब्रेरी और शैक्षणिक संसाधनों के विकास में लगाने की मांग है।
इसके साथ ही सेमेस्टर प्रणाली में सुधार, स्वच्छ पेयजल, वॉशरूम, नियमित सफाई, जर्जर कक्षाओं की मरम्मत, पुनर्मूल्यांकन शुल्क को 400 रुपए करने और विश्वविद्यालय का पूरा फीस स्ट्रक्चर सार्वजनिक करने की मांग की गई है। विद्यार्थियों को एक बार मेजर-माइनर विषय बदलने का अवसर पीएचडी, एलएलबी और एलएलएम की छात्राओं के लिए हॉस्टल सुविधा तथा विश्वविद्यालय के सभी परिसरों में पर्याप्त सुरक्षा गार्डों की नियुक्ति की मांग भी छात्र नेताओं ने उठाई है। छात्रों ने कहा कि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

