शिक्षा, भर्ती और बेरोजगारी के मुद्दों पर 15 जून को जयपुर में प्रदर्शन करेगी सीजेपी

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षा, भर्ती और बेरोजगारी के मुद्दों पर 15 जून को जयपुर में प्रदर्शन करेगी सीजेपी


जयपुर, 12 जून (हि.स.)। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की ओर से शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों, भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर 15 जून को जयपुर के शहीद स्मारक पर जनप्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। संगठन ने दावा किया है कि प्रदर्शन में प्रदेशभर से छात्र, अभिभावक, बेरोजगार युवा, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

पिंकसिटी प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका, प्रदर्शन प्रभारी दीपक बालियान, मीडिया प्रभारी अभिषेक जैन बिट्टू तथा सामाजिक कार्यकर्ता रोशन मुड़िया ने प्रदर्शन की रूपरेखा की जानकारी दी।

आशुतोष रांका ने कहा कि युवाओं की समस्याओं को लंबे समय से नजरअंदाज किया जाता रहा है, लेकिन अब युवा अपने अधिकारों और भविष्य को लेकर संगठित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में हुए आंदोलनों को मिले समर्थन ने युवाओं की एकजुटता को और मजबूत किया है।

मीडिया प्रभारी अभिषेक जैन बिट्टू ने कहा कि राजस्थान कभी देश को बड़ी संख्या में आईआईटी और चार्टर्ड अकाउंटेंसी जैसे क्षेत्रों के पेशेवर देने वाला राज्य रहा है, लेकिन वर्तमान में शिक्षा व्यवस्था कई चुनौतियों से जूझ रही है। उन्होंने सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की कमी, जर्जर भवनों, निजी विद्यालयों की बढ़ती फीस और विद्यार्थियों पर बढ़ते मानसिक दबाव को चिंता का विषय बताया।

रोशन मुड़िया और गीगराज कोहली ने विश्वविद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पद, कमजोर आधारभूत ढांचे और रोजगारोन्मुखी शिक्षा की कमी को गंभीर समस्या बताया। उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक और भर्ती घोटालों को युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय करार दिया। संगठन ने विभिन्न भर्ती विवादों और परीक्षा संबंधी मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा और रोजगार केवल छात्रों का विषय नहीं, बल्कि पूरे समाज से जुड़ा प्रश्न है।

प्रदर्शन प्रभारी दीपक बालियान ने बताया कि संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके भी इस आंदोलन में शामिल होंगे। उन्होंने छात्र संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, अभिभावकों और युवाओं से बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होकर शिक्षा सुधार, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और युवाओं के अधिकारों की मांग को मजबूत करने की अपील की।

संगठन का कहना है कि यह आंदोलन शिक्षा, रोजगार और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर जनजागरण का प्रयास है।

-------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story