समरस होली के रंगों से सराबोर सिविल लाइंस: लोक धुनों पर थिरके जनप्रतिनिधि और नागरिक

WhatsApp Channel Join Now
समरस होली के रंगों से सराबोर सिविल लाइंस: लोक धुनों पर थिरके जनप्रतिनिधि और नागरिक


जयपुर, 04 मार्च (हि.स.)। सिविल लाइंस क्षेत्र में बुधवार को होली का उल्लास,उत्साह और सामाजिक समरसता का संगम देखने को मिला। गोविंदपुरी स्थित सेवा भवन कार्यालय में विधायक गोपाल शर्मा के नेतृत्व में “समरस होली के रंग से सिविल लाइंस के संग” थीम पर होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, स्थानीय निवासियों, भाजपा पदाधिकारियों, पूर्व एवं निवर्तमान पार्षदों तथा गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।

कलाकार कॉलोनी की सूरज सपेरा एंड टीम की लोक प्रस्तुतियों ने पारंपरिक रंग घोल दिए। चंग की थाप, गुलाल की सुगंध,फाल्गुनी लोकगीतों की गूंज और ठंडाई की मिठास ने कार्यक्रम को स्मरणीय बना दिया। विधायक गोपाल शर्मा ने सभी को तिलक और गुलाल लगाकर तथा गले मिलकर शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया। इस अवसर पर विधायक गोपाल शर्मा ने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, एकता और अपनत्व का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान और सिविल लाइंस क्षेत्र भी राष्ट्र की प्रगति यात्रा में सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story